कमजोर छात्र-छात्राओं को शिक्षा विभाग की सौगात, 17 से शुरू होगी ‘संकल्प संध्या’
कमजोर छात्र-छात्राओं की पढ़ाई मजबूत करने के लिए शिक्षा विभाग ने एक सार्थक प्रयास किया है। इसके तहत राज्य के सभी 38 जिला मुख्यालयों में 17 नवम्बर से सांध्यकालीन कक्षाएं शुरू होंगी।

पटना: कमजोर छात्र-छात्राओं की पढ़ाई मजबूत करने के लिए शिक्षा विभाग ने एक सार्थक प्रयास किया है। इसके तहत राज्य के सभी 38 जिला मुख्यालयों में 17 नवम्बर से सांध्यकालीन कक्षाएं शुरू होंगी। इन्हें ‘संकल्प संध्या’ नाम दिया गया है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की पहल पर यह व्यवस्था की जा रही है। इस योजना का लाभ सरकारी स्कूलों में कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को मिलेगा। विशेष रूप से कमजोर एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं पर ध्यान दिया जाएगा। इन कक्षाओं में विद्यार्थियों को होमवर्क पूरा कराने के साथ परीक्षा की तैयारी भी कराई जाएगी।
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने बताया कि 'संकल्प संध्या’ का संचालन अगले वर्ष 31 मार्च तक किया जाएगा। हर जिला मुख्यालय में कम-से-कम एक और अधिकतम तीन सरकारी स्कूलों में कक्षाएं चलेंगी। इनका समय शाम 5 बजे से 7:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। विद्यार्थियों को यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क मिलेगी। रेमेडियल कक्षाओं में अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की पढ़ाई पर विशेष जोर रहेगा। इसके लिए सरकारी स्कूलों में उपलब्ध स्मार्ट बोर्ड और अन्य डिजिटल संसाधनों का उपयोग किया जाएगा।
सरकारी शिक्षकों के साथ सेवानिवृत्त अधिकारी भी स्वैच्छिक आधार पर पढ़ा सकेंगे। इसके लिए 70 वर्ष से कम आयु के इच्छुक सेवानिवृत्त आईएएस, बीएएस, बीईएस और अन्य सरकारी सेवाओं के अधिकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी से अस्थायी अनुमति प्राप्त कर सकेंगे। वे विद्यांजलि ऐप के माध्यम से भी पंजीकरण करा सकते हैं। इस कार्य के लिए कोई मानदेय नहीं दिया जाएगा।
‘संकल्प संध्या’ का संचालन जिला शिक्षा पदाधिकारी की देखरेख में होगा। जिला पदाधिकारी उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन देंगे। योजना के लिए स्कूलों के चयन की सूची सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को दो दिनों के भीतर विभाग को उपलब्ध करानी होगी। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि यह पहल कम संसाधनों में बेहतर शैक्षणिक परिणाम हासिल करने का प्रयास है। इसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करना और जनभागीदारी से विद्यार्थियों की पढ़ाई को मजबूत बनाना है। हमें पूरा भरोसा है कि ‘संकल्प संध्या’ कमजोर विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई में आगे बढ़ने का नया अवसर बनेगी।













