जूलरी कारोबारी मनोज कुमार की निर्मम हत्या, AIJGF ने की कड़ी निंदा, शीघ्र कार्रवाई की मांग
बिहार में ज्वेलर्स और स्वर्ण व्यवसायियों की हत्या एवं उन पर लगातार हो रहे आपराधिक हमले बेहद चिंताजनक हैं। ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन ने इस घटना की कडी निंदा की है।

पटना: बिहार में ज्वेलर्स और स्वर्ण व्यवसायियों की हत्या एवं उन पर लगातार हो रहे आपराधिक हमले बेहद चिंताजनक हैं। ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन ने इस घटना की कडी निंदा की है। फेडरेशन का कहना है कि अभी दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार के अवसर पर कुर्था के मोतीपुर में अरवल निवासी स्वर्ण व्यवसायी मनोज कुमार की अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दिए जाने की घटना अत्यंत दुखद एवं निंदनीय है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने बीती रात मनोज कुमार को टेम्पो से खींचकर गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर बिहार के स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन (AIJGF) बिहार के अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने शुक्रवार को इस संबंध में एक बयान जारी करते हुए कहा कि इस जघन्य घटना की कड़ी निंदा की जाती है और फेडरेशन शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है। जिस परिवार को दीपावली की खुशियां मनानी थीं, आज उस परिवार के घर में मातम पसरा हुआ है। एक निर्दोष व्यापारी की हत्या ने पूरे व्यापारी समाज को भयभीत और आक्रोशित कर दिया है।
अशोक कुमार वर्मा ने सरकार एवं पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मनोज कुमार के हत्यारों की अविलंब पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही इस हत्याकांड की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कड़ी सजा दिलाई जाए। इसके अलावा मृतक के परिवार को उचित सरकारी मुआवजा एवं सुरक्षा प्रदान करने, बिहार के सभी ज्वेलर्स एवं स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू करने, ज्वेलर्स की सुरक्षा के लिए पूर्व में जारी SOP का सख्ती से पालन कराया करने तथा प्रत्येक जिले में पुलिस प्रशासन और व्यापारी संगठनों के बीच नियमित बैठक सुनिश्चित की भी मांग की गयी है।
उन्होंने कहा कि अब सवाल यह है कि आखिर बिहार का व्यापारी कब तक अपनी जान जोखिम में डालकर कारोबार करेगा? व्यापारी सरकार को राजस्व देता है, रोजगार देता है और अर्थव्यवस्था को मजबूत करता है। उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार एवं प्रशासन की जिम्मेदारी है। CAIT/AIJGF बिहार मांग करता है कि इस घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ठोस कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य व्यापारी परिवार की दीपावली इस तरह मातम में न बदले।











