पटना में HDFC बैंक की कैश वैन लूटने आया था अपराधी, पुलिस ने सिंघम स्टाइल में हथियार के साथ अपराधी को दबोचा
बिहार की राजधानी पटना में एक बड़ी लूट की साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। कदमकुआं थाना क्षेत्र के वैशाली गोलंबर के पास HDFC बैंक की कैश वैन को लूटने का प्रयास कर रहे अपराधियों को पुलिस ने पकड़ लिया।

बिहार की राजधानी पटना में एक बड़ी लूट की साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। कदमकुआं थाना क्षेत्र के वैशाली गोलंबर के पास HDFC बैंक की कैश वैन को लूटने का प्रयास कर रहे अपराधियों को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस उसे पड़कर थाने ले गई है। टाउन डीएसपी 1 के नेतृत्व में शातिर से पूछताछ हो रही है। उसने पुलिस को बताया है कि लूटपाट की घटना को अंजाम देने के लिए आए थे। कैश वैन लूटने की प्लानिंग थी।
दरअसल पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र के वैशाली गोलंबर के पास HDFC बैंक की कैश वैन नकदी ट्रांसफर करने के लिए रुकी थी। इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने वैन को निशाना बनाते हुए लूट का प्रयास किया। हालांकि सूचना मिलते ही कदमकुआं पुलिस ने बिना वक्त गंवाए त्वरित एक्शन लिया। पुलिसकर्मियों ने तुरंत पूरे इलाके की नाकेबंदी की और भागने की कोशिश कर रहे अपराधियों को खदेड़ा। इस जवाबी कार्रवाई में पुलिस एक मुख्य आरोपी को पकड़ने में कामयाब रही। तलाशी के दौरान गिरफ्तार अपराधी के पास से अवैध हथियार भी बरामद किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार बैंक के ठीक सामने कैश वैन आकर लगी थी। उसके बाद बॉक्स गार्ड लेकर जा रहे थे। उसी बॉक्स को अपराधी ने छीनने की कोशिश की। तब तक गार्ड ने हथियार तान दिए और लोगों ने उसे पकड़ लिया। अपराधी पिस्टल लेकर पहुंचा था। पुलिस ने उसके पास से हथियार बरामद किए हैं। आरोपी नौबतपुर का रहने वाला है। झोले में देसी कट्टा लेकर बैंक पहुंचा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए टाउन SDPO-1 ने खुद कमान संभाली है। उन्होंने अपराधी की गिरफ्तारी और उसके पास से हथियार व कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार अपराधी को तुरंत कदमकुआँ थाने लाया गया है, जहाँ पुलिस बंद कमरे में उससे कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस पकड़े गए आरोपी के मोबाइल रिकॉर्ड और इलाके के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि फरार अपराधियों की पहचान की जा सके।
अपराधी ने पुलिस की पूछताछ में बताया है कि प्लानिंग के तहत दोपहर में इस घटना को अंजाम देने वाले थे। क्योंकि अधिकतर लोग दोपहर में धूप की वजह से सड़क पर नहीं होते हैं। फिलहाल पुलिस पूछताछ के आधार पर इसकी पूरी बैकग्राउंड को खंगालने में जुटी है। दिनदहाड़े लूट की घटना की साजिश को नाकाम करने के लिए पुलिस बल की तत्परता और सूझबूझ की खूब तारीफ हो रही है।










