संदिग्ध हालत में युवती की मौत, मकान मालिक पर लगा आरोप, पुलिस जांच में जुटी
जिले के बरबीघा के फैजाबाद बीघा मोहल्ले में 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवती का शव कमरे के अंदर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

शेखपुरा : जिले के बरबीघा के फैजाबाद बीघा मोहल्ले में 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवती का शव कमरे के अंदर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान नालंदा जिले के सारे थाना क्षेत्र अंतर्गत बलवापर गांव निवासी धर्मेंद्र पंडित की पुत्री सोनम कुमारी (19) के रूप में हुई है।
इस घटना के बाद मृतका की मां एवं चाचा ने मकान मालिक के पुत्र गोलू कुमार पर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, हत्या के आरोपों की अभी पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मिशन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी।
इधर मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने कमरे की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने बताया कि अभी कोई आवेदन भी नहीं मिला है।
शेखपुरा से रविशंकर की रिपोर्ट













