बिहार से बहला कर पश्चिम बंगाल ले जायी गयी थी युवतियां, पुलिस ने किया सकुशल बरामद

बिहार से बहला कर पश्चिम बंगाल ले जायी गयी थी युवतियां, पुलिस ने किया सकुशल बरामद
swaraj post

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
: Jun 27, 2026, 8:03:00 PM

पटना पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। राजधानी की पुलिस ने पश्चिम बंगाल से अपहृत युवती को सकुशल बरामद किया है। इसके अलावा पुलिस ने एक अन्य युवती को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया है। मिली खबर के अनुसार इन दोनों ही युवतियों ने बताया है कि उनको बहला फुसला कर पश्चिम बंगाल ले जाया गया था। अब पुलिस इस घटना में आगे की जांच में जुटी हुई है।

इस बारे में जानकारी देते हुए एसडीपीओ फतुहा-02 संजीव कुमार ने बताया कि पिछले वर्ष अप्रैल माह की छह तारीख को राजधानी के दनियावां थाना क्षेत्र से एक युवती अपने घर से निकली लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों के द्वारा युवती की काफी खोजबीन की गई लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। कोई सुराग नहीं मिलने पर दनियावां थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के उपरांत मामले का गंभीरता से अनुसंधान प्रारंभ किया गया। वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष दनियावां के नेतृत्व में युवती की बरामदगी हेतु एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी विश्लेषण एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर टीम ने युवती के संभावित ठिकाने का पता पश्चिम बंगाल में लगाया। इसके बाद पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती को सकुशल बरामद कर लिया।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान उसी स्थान से गोपालगंज जिले की एक अन्य युवती को भी सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। दोनों युवतियों को सकुशल पटना लाया गया। पूछताछ के दौरान दोनों युवतियों ने बताया कि उन्हें बहला-फुसलाकर पश्चिम बंगाल ले जाया गया था। बरामद युवती का न्यायालय के समक्ष बयान दर्ज कराया गया है। मामले में अग्रतर अनुसंधान एवं विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।