मुख्यमंत्री ने कहा- भारत की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी, कई अहम मुद्दों को लेकर बैठक
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' में भारत-नेपाल सीमा से जुड़े विभिन्न विषयों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' में भारत-नेपाल सीमा से जुड़े विभिन्न विषयों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय एवं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी शामिल हुए। बैठक में सीमा सुरक्षा, सीमा प्रबंधन, सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था तथा अवैध गतिविधियों की रोकथाम से संबंधित विषयों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया।
भारत-नेपाल सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए सीमा सुरक्षा व प्रबंधन व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है - मुख्यमंत्री
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। भारत-नेपाल सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए सीमा सुरक्षा एवं प्रबंधन व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए एसएसबी, बिहार पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने कहा- सीमावर्ती क्षेत्रों में घुसपैठ, फर्जी दस्तावेजों, नकली मुद्रा, मादक पदार्थों की तस्करी व अन्य आपराधिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखा जाए
उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में घुसपैठ, फर्जी दस्तावेजों, नकली मुद्रा, मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखा जाए। सीमावर्ती बैंकों में नकली नोटों की पहचान के लिए आवश्यक मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ संदिग्ध वित्तीय लेन-देन एवं फर्जी अथवा संदिग्ध बैंक खातों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई हो। केंद्र सरकार के 'नशा मुक्त भारत 2029' के लक्ष्य के अनुरूप मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें ताकि सीमा क्षेत्र से नशीले पदार्थों की आवाजाही रोकी जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा- सीमावर्ती जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधिकारियों की केंद्रीय सुरक्षा व जांच एजेंसियों के साथ नियमित मासिक समन्वय बैठक हो
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमावर्ती जिलों के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधिकारियों की केंद्रीय सुरक्षा एवं जांच एजेंसियों के साथ नियमित मासिक समन्वय बैठक हो। सीमावर्ती क्षेत्रों में गैर-पंजीकृत धार्मिक स्थलों की पहचान कर प्रचलित कानून एवं नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करें। सीमावर्ती क्षेत्रों में शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करायी जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमा सुरक्षा को प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित एजेंसियां सतर्कता, सूचना-साझाकरण और समन्वित कार्रवाई के साथ कार्य करें। संवेदनशील क्षेत्रों में सूचना तंत्र को मजबूत रखते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
CM के साथ केंद्रीय मंत्री, डिप्टी सीएम के अलावा कई वरीय अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, पुलिस महानिदेशक, स्पेशल ब्रांच कुंदन कृष्णन, विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव/सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारीगण एवं संबंधित केंद्रीय एजेंसियों के वरीय पदाधिकारी मौजूद थे। जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीमावर्ती जिलों के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक जुड़े हुए थे।










