चंदवारा घाट पर बूढ़ी गंडक नदी से महिला और बेटे का शव बरामद, रविवार शाम से थे लापता
अहियापुर थाना क्षेत्र के चंदवारा घाट स्थित बूढ़ी गंडक नदी से सोमवार सुबह एक महिला और उसके नाबालिग बेटे का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों रविवार की देर शाम से लापता थे।

अहियापुर थाना क्षेत्र के चंदवारा घाट स्थित बूढ़ी गंडक नदी से सोमवार सुबह एक महिला और उसके नाबालिग बेटे का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों रविवार की देर शाम से लापता थे। शव मिलने की सूचना पर अहियापुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, चंदवारा घाट निवासी नीरज कुमार ने रविवार शाम पुलिस को सूचना दी थी कि उनकी करीब 40 वर्षीय पत्नी अपने नाबालिग बेटे को लेकर घर से निकल गई हैं। स्थानीय लोगों ने दोनों को नदी की ओर जाते हुए देखा था। इसके बाद परिजनों और पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिला।
सोमवार सुबह नदी में दोनों के शव तैरते हुए दिखाई दिए, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि महिला ने अपने बेटे का हाथ अपने हाथ से बांध रखा था। पुलिस ने शवों को नदी से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस को प्रथम दृष्टया आशंका है कि महिला ने अपने बेटे के साथ नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या की है। हालांकि, आत्महत्या के पीछे क्या कारण रहा, इसका अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ के साथ घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
मुजफ्फरपुर से मुकेश चौरसिया की रिपोर्ट











