सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो मामले में पूर्व पीपी का बेटा सह अधिवक्ता गिरफ्तार
गोपालगंज जिले में सोशल मीडिया पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीक से तैयार भ्रामक और समाज में वैमनस्य फैलाने वाला फर्जी वीडियो अपलोड कर प्रसारित करने के मामले में नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।

गोपालगंज जिले से बडी खबर है। यहां सोशल मीडिया पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीक से तैयार भ्रामक और समाज में वैमनस्य फैलाने वाला फर्जी वीडियो अपलोड कर प्रसारित करने के मामले में नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त भाकपा माले नेता सह अधिवक्ता बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार गोपालगंज पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित होने वाले भ्रामक, असत्य और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले कंटेंट पर लगातार तकनीकी निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 6 अगस्त 2026 को गोपालगंज पुलिस को फेसबुक पर अजात शत्रु नामक यूजर आईडी से अपलोड किया गया 43 सेकंड का एक भड़काऊ वीडियो संज्ञान में आया।
पुलिस की प्राथमिक जांच में स्पष्ट हुआ कि उक्त वीडियो Al तकनीक का इस्तेमाल कर तैयार किया गया एक जाली और भ्रामक वीडियो था। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए नगर थाना पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई की और आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया। अनुसंधान के दौरान पुलिस द्वारा डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक परीक्षण किया गया तथा हैश वैल्यू को सुरक्षित करने सहित सभी आवश्यक साइबर एवं तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी की गईं, जिसमें वीडियो के पूर्णतः फर्जी होने की पुष्टि हुई। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त ने फेसबुक के जरिए इस फर्जी वीडियो को शेयर व प्रसारित करने की बात स्वीकार की है। इस संदर्भ में नगर थाना में कांड संख्या-756/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता 2023 एवं सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम, 2000 की सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है। आवश्यक प्रक्रियाओं के बाद अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान शहर के पुरानी चौक, गायत्री मंदिर रोड स्थित रामनाथ साहू क़े पुत्र अजात शत्रु क़े रूप में की गई है। मामले के अन्य डिजिटल एवं अन्य पहलुओं पर पुलिस द्वारा आगे की गहन जांच जारी है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के किसी भी भ्रामक, एआई-जनित या अफवाह फैलाने वाले कंटेंट को शेयर न करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट





















