विजयीपुर थाने की जब्त गाड़ियों में अचानक लगी आग, ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
विजयीपुर थाने में जब्त कर रखे गए वाहनों में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं के घने गुबार देखकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।

विजयीपुर/गोपालगंज : विजयीपुर थाने में जब्त कर रखे गए वाहनों में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं के घने गुबार देखकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
थाने में जब्त वाहनों की पार्किंग में अचानक आग भड़क उठी
बताया जा रहा है कि थाने में जब्त वाहनों की पार्किंग में अचानक आग भड़क उठी। चिंता की बात यह थी कि पार्किंग के ठीक बगल में कई रिहायशी झोपड़ियां भी मौजूद थीं। ऐसे में आग फैलने पर जान-माल के भारी नुकसान की आशंका थी। हालात की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों और थाने के चौकीदारों ने मोर्चा संभाला। लोगों ने घरों में इस्तेमाल होने वाले मोटर पंप से पानी की बौछार शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आग विकराल रूप ले लेती, तो आसपास खड़े दर्जनों वाहन जलकर खाक हो सकते थे
अगर आग विकराल रूप ले लेती, तो आसपास खड़े दर्जनों वाहन जलकर खाक हो सकते थे। साथ ही बगल की रिहायशी झोपड़ियां भी आग की चपेट में आ सकती थीं। स्थानीय लोगों की तत्परता ने संभावित बड़े नुकसान को टालने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल अब भी बरकरार है कि आखिर थाने में जब्त वाहनों में आग कैसे लगी? फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना के कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
गोपालगंज से शंकर की रिपोर्ट













