चांदी बाजार में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, दर्जनों दुकानें ध्वस्त, CO ने कहा- जारी रहेगा अभियान
भोजपुर जिले के कोईलवर अंचल के चांदी बाजार में शुक्रवार को अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने अभियान चलाया। अंचलाधिकारी उदय प्रताप सिंह और राजस्व पदाधिकारी राजभूषण सिंह के नेतृत्व में चलाए गए।

आरा : भोजपुर जिले के कोईलवर अंचल के चांदी बाजार में शुक्रवार को अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने अभियान चलाया। अंचलाधिकारी उदय प्रताप सिंह और राजस्व पदाधिकारी राजभूषण सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण की जद में आए दर्जनों दुकानों को जेसीबी की मदद से तोड़कर हटाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से बाजार में काफी देर तक हलचल बनी रही। अभियान को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और दुकानदारों की भीड़ जुटी रही।
चांदी बाजार में सड़क के किनारों पर काफी अतिक्रमण कर लिया गया था - CO उदय प्रताप सिंह
अंचलाधिकारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि चांदी बाजार में सड़क के किनारों पर काफी अतिक्रमण कर लिया गया था। इसके कारण बाजार क्षेत्र में आवागमन को लेकर परेशानी हो रही थी। अतिक्रमण हटाने से पहले प्रशासन की ओर से दुकानदारों और अन्य अतिक्रमणकारियों को माइकिंग के जरिए चेतावनी दी गई थी। करीब 15 दिन पहले ही बाजार में माइकिंग कराकर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था। इसके साथ ही अधिकारियों ने स्वयं बाजार में घूम-घूमकर दुकानदारों को अपनी दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए कहा था।

निर्देश के बावजूद कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामने से अतिक्रमण नहीं हटाया - CO
उन्होंने कहा कि निर्देश के बावजूद कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामने से अतिक्रमण नहीं हटाया। इसके बाद शुक्रवार को प्रशासन ने जेसीबी लगाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण कर बनाए गए दुकानों और अन्य संरचनाओं को तोड़कर हटाया गया। कार्रवाई के दौरान बाजार में लोगों की भीड़ लगी रही और दुकानदारों के बीच अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
लगातार जारी रहेगा अभियान
अंचलाधिकारी उदय प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि चांदी चौक पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाकर बाजार क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त बनाने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। पहले से सूचना देने और दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर देने के बावजूद जिन लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया, उनके खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को लेकर दुकानदारों के बीच चर्चा होती रही।
आरा से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट













