लखनऊ : उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल बढ़ी हुई है। इस बीच यूपी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) गठबंधन को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का सीट बंटवारा लगभग तय हो गया है। एलजीपीआर सूत्रों का दावा है कि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी 10 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। वहीं, दलित और युवा वोटर्स को साधने की कवायद तेज हो गई है। चिराग युवाओं को लुभाने के लिए यूपी के अलग अलग हिस्सों में कार्यक्रम करेंगे। चिराग पासवान 27 सितंबर को प्रयागराज में होंगे।
UP में ताल ठोकने के लिए तैयार चिराग पासवान की पार्टी!
बिहार की सियासत में अपनी मजबूत पकड़ बना चुके केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) अब यूपी में ताल ठोकने के लिए तैयार है। यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए के अहम सहयोगी के रूप में एलजीपी (आर) की एंट्री हो रही है। हालांकि एनडीए में सीट बंटवारे के फॉर्मूले को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
दलित वोटर्स पर चिराग पासवान की नजर!
चिराग पासवान की पार्टी एलजीपी (आर) की नजर उत्तर प्रदेश के गैर-जाटव दलित वोटर्स पर है। राजनीति के जानकारों के मुताबिक, पारंपरिक रूप से बहुजन समाज पार्टी (BSP) के खिसकते जनाधार के बाद चिराग पासवान की पार्टी यहां नए विकल्प के रूप में उभर सकती है। चिराग ने कहा था कि यूपी में अगर उन्हें सम्मानजनक सीटें मिलती हैं तो वो गठबंधन में चुनाव लड़ेंगे।
चिराग ने पहले 403 सीटों पर लड़ने का किया था ऐलान
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान बीते कुछ समय से कई बार यूपी का दौरा कर चुके हैं। यहां पार्टी के नेता और कार्यकर्ता संगठन को मजबूती देने के लिए पिछले कुछ महीनों से लगातार विस्तार में जुटे हैं। पहले चिराग पासवान ने यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का भी जिक्र किया था।