लखनऊ : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संस्थापक व पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. रामविलास पासवान की आज यानी आठ अक्टूबर को 6वीं पुण्यतिथि है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इसके लिए कार्यक्रम आयोजन किया गया है। स्व. रामविलास के पुत्र व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने उनकी पुण्यतिथि पर एक खास कार्यक्रम का आयोजन किया है। जिसमें यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहुंच कर स्व. रामविलास पासवान के चित्र पर मल्यापर्ण कर श्रद्धांजलि दी।
योगी आदित्यनाथ ने अपना बहुमूल्य समय निकालकर पापा को श्रद्धांजलि अर्पित की - चिराग पासवान
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि पापा स्व. रामविलास पासवान की पुण्यतिथि के अवसर पर आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना बहुमूल्य समय निकालकर पापा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनका इस अवसर पर स्वयं उपस्थित होकर पापा को श्रद्धांजलि देना मेरे और मेरे परिवार के लिए अत्यंत सम्मान का क्षण है। यह इस बात का प्रमाण है कि पापा और मुख्यमंत्री के बीच का रिश्ता केवल सार्वजनिक जीवन तक सीमित नहीं था, बल्कि उसमें व्यक्तिगत स्नेह, सम्मान और आत्मीयता भी थी। मैं अपने एवं अपने परिवार के सदस्यों की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।