राजस्थान रॉयल्स के तूफानी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से गेंदबाजों में खौफ पैदा कर दिया है। बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने आईपीएल-2026 में दुनिया भर का ध्यान अपनी ओर खींचा है। आज आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालीफायर में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की भिड़ंत गुजरात टाइटंस (जीटी) से होगी। मैच से पहले वैभव सूर्यवंशी ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि एक टीम और एक यूनिट के तौर पर, हम फाइनल में पहुंचना चाहते हैं और उम्मीद है कि ट्रॉफी उठाएंगे।
वैभव सूर्यवंशी ने एलिमिनेटर में 29 गेंदों पर 97 रनों की पारी खेली थी। वह आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक जमाने से चूक गए थे। उनकी इस पारी ने राजस्थान को दूसरे क्वालिफायर में जगह दिलाई। वैभव सूर्यवंशी IPL 2026 में दो बार शतक से चूक गए हैं। हालांकि उन्हें इसका कोई गम नहीं। उन्होंने गुजरात के खिलाफ क्वालीफायर-2 से पहले कहा कि वह अपने निजी रिकॉर्ड के लिए नहीं बल्कि टीम के लिए खेलते हैं। वहीं वैभव ने यह भी बताया कि वह अभी भी कार्टून देखते हैं।
वैभव ने जियोस्टार पर बात करते हुए कहा कि दो-तीन साल पहले जब मैं घर पर रहता था तो वहीं मैच खेलता था और प्रैक्टिस करता था। जब भी मुझे घर पर फ्री टाइम मिलता था तो मैं कार्टून देखता था। मुझे काफी मजा आता था। अभी भी जब भी मुझे थोड़ी शांति और आराम चाहिए होता है तो मैं कार्टून देखता हूं।
वैभव सूर्यवंशी ने कहा-बचपन से, मेरे पापा हमेशा मुझसे कहते आए हैं कि अगर तुम सेंचुरी, डबल सेंचुरी, या ट्रिपल सेंचुरी भी बना लेते हो, लेकिन टीम उसकी वजह से नहीं जीतती, तो उन रनों की कोई वैल्यू नहीं होती। वे सिर्फ तुम्हारे पर्सनल रिकॉर्ड के लिए हो सकते हैं, लेकिन उनसे टीम को कोई फायदा नहीं होता। क्रिकेट, आखिर में, एक टीम गेम है। इसलिए, अगर में सेंचुरी के बजाय 80 रन बनाता हूं और मेरी टीम जीत जाती है, और अगर मेरे सेंचुरी बनाने के बाद भी हम नहीं जीतते, तो वह 80 मेरे लिए सेंचुरी से ज़्यादा मायने रखता है।
वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि मेरी टीम जितने ज़्यादा समय तक टूर्नामेंट में रहेगी और हम प्लेऑफ़ और फ़ाइनल में जितने आगे जाएँगे, मुझे सेंचुरी बनाने और जो भी रिकॉर्ड में तोड़ना चाहता हूँ, उन्हें हासिल करने के उतने ही ज़्यादा मौके मिलेंगे। इसलिए, इससे मुझे पर्सनली और टीम दोनों को फ़ायदा होता है।
क्वालिफायर 2 मैच से पहले वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि हम एक अच्छी सोच और पॉजिटिव इरादे के साथ उतरना चाहते हैं और वही करना जारी रखना चाहते हैं जो पूरी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में किया है। हमें खेल का मज़ा लेते रहना चाहिए, जो हम हमेशा करते हैं, किसी बड़े मैच का प्रेशर नहीं लेना चाहिए, और अपनी ताकत पर ध्यान देना चाहिए। एक टीम और एक यूनिट के तौर पर, हम फाइनल में पहुंचना चाहते हैं और उम्मीद है कि ट्रॉफी उठाएंगे।
बता दें कि आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने अपनी आतिशी बल्लेबाजी से सनसनी फैला दी है। वैभव के बल्ले से इस सीजन कुल 680 रन आए हैं। इसके अलावा उन्होंने कुल 65 छक्के भी जड़े हैं जिसका मतलब है कि उन्होंने 390 रन तो सिर्फ छक्कों के जरिए हवाई फायर करके बना दिए हैं।