हांगकांग (चीन) में आयोजित 22वीं एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10 स्वर्ण पदकों सहित 19 पदक के साथ भारत दूसरे स्थान स्थान पर रहा। इस चैंपियनशिप में बिहार के प्रतिभाशाली एथलीट पीयूष राज ने भी पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। टीम इंडिया के इस शानदार प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने खिलाड़ियों को बधाई दी है और कहा है कि यह शानदार प्रदर्शन खिलाड़ियों के दृढ़ संकल्प और उत्कृष्टता को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 22वीं एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10 स्वर्ण पदकों सहित 19 पदक जीतने वाले भारतीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह शानदार प्रदर्शन खिलाड़ियों के दृढ़ संकल्प और उत्कृष्टता को दर्शाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवा एथलीटों को बधाई देते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन देश की युवा प्रतिभा, दृढ़ता और उत्कृष्टता का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स पर लिखा है-22वीं एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10 स्वर्ण पदकों सहित 19 पदक जीतने के लिए भारतीय टीम को हार्दिक बधाई। यह उत्कृष्ट प्रदर्शन भारत के युवा एथलीटों के दृढ़ संकल्प और उत्कृष्टता को दर्शाता है। उम्मीद है कि यह उपलब्धियां आने वाले वर्षों में और भी कई युवा भारतीयों को खेल में अपना करियर बनाने के लिए प्रेरित करेंगी।
वहीं बिहार सीएम सम्राट ने बधाई देते हुए एक्स पर लिखा है-22वीं एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10 स्वर्ण सहित कुल 19 पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाने वाले सभी युवा खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह ऐतिहासिक उपलब्धि हमारे खिलाड़ियों की प्रतिभा, अनुशासन, समर्पण और अथक परिश्रम का परिणाम है। आपके शानदार प्रदर्शन ने विश्व मंच पर भारत का मान बढ़ाया है तथा देश के करोड़ों युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा दी है। आप सभी के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की मंगलकामनाएं।
इतना ही नहीं बिहार के एथलीट पीयूष राज ने जूनियर एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इसको लेकर सीएम सम्राट चौधरी ने लिखा है-बिहार के प्रतिभाशाली एथलीट पीयूष राज ने 22वीं जूनियर एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। पीयूष इस चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले बिहार के पहले खिलाड़ी हैं। उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। हांगकांग (चीन) में आयोजित प्रतियोगिता की 4×400 मीटर रिले स्पर्धा में भारतीय टीम ने 3:05.54 सेकंड के नए मीट रिकॉर्ड के साथ कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।
बता दें कि भारत ने हांगकांग में आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता में 10 स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य सहित कुल 19 पदक जीतकर चीन (14 स्वर्ण, नौ रजत, दो कांस्य) के बाद दूसरा स्थान हासिल किया। भारत ने 22वीं एशियन अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 19 पदक अपने नाम किए। भारतीय दल ने 10 स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य पदक जीतकर पदक तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया। मेजबान चीन 25 पदकों और 14 स्वर्ण पदकों के साथ शीर्ष पर रहा, जबकि जापान 18 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। चैंपियनशिप के अंतिम दिन भारत ने तीन स्वर्ण पदक जीतकर अपने अभियान का शानदार समापन किया।
बताते चलें कि इस चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों ने न सिर्फ पदक जीते, बल्कि कई राष्ट्रीय और चैंपियनशिप रिकॉर्ड भी बनाए। फील्ड इवेंट्स में निश्चय ने पुरुषों की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में 60.10 मीटर का थ्रो कर रजत पदक जीता। यह नया भारतीय अंडर-20 राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है। इसके साथ ही वह इस वर्ग में 60 मीटर की दूरी पार करने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए। वहीं महिलाओं की 4x100 मीटर रिले टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। इसके अलावे भी विभिन्न स्पर्धा में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है।