भारत-श्रीलंका टेस्ट मैच में बड़ा हादसा, खिलाड़ी की गर्दन में लगी गेंद, अस्पताल में भर्ती

भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गॉल के गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है।गॉल में खेले जा रहे टेस्ट मैच में एक बड़ा हादसा हो गया। मैच के चौथे दिन फील्डिंग करने के दौरान श्रीलंका के खिलाड़ी दिनेश चांदीमल चोटिल

भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गॉल के गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में  खेला जा रहा है। आज मैच का चौथा दिन है। भारतीय टीम अपनी दूसरी पारी का आगाज कर रही है। इस बीच गॉल में खेले जा रहे टेस्ट मैच में एक बड़ा हादसा हो गया। मैच के चौथे दिन फील्डिंग करने के दौरान श्रीलंका के खिलाड़ी दिनेश चांदीमल चोटिल हो गए। बाउंड्री के पास गेंद रोकने की कोशिश में उन्हें गर्दन में चोट लगी है। इसके बाद अब उन्हें स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया है। चोटिल होने के तुरंत बाद चांदीमल मैदान से बाहर चले गए थे, लेकिन बाद में उन्हें स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया। अब स्कैन के बाद ही पता चलेगा कि चोट कितनी गहरी है। फ़िलहाल तो चांदीमल का चोटिल होना श्रीलंका के लिए एक बड़ा झटका है। 

गॉल टेस्ट में भारत ने जीत की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं, लेकिन श्रीलंका ने तीसरे दिन हार मानने से पहले जोरदार पलटवार किया। मेजबान टीम को 284 रन पर समेटने के बाद भारत के पास पहली पारी में 178 रन की बढ़त है।  भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 462 रन बनाए। जिसके जवाब में श्रीलंका की टीम ने सोनल दिनुषा के शतक की बदौलत 284 रन बनाने में सफलता हासिल की।  इसके साथ ही भारत को पहली पारी के आधार पर 178 रनों की बढ़त मिल चुकी है। 

भारत के 462 रन के जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 79.4 ओवर में 284 रन पर सिमट गई। एक समय मेजबान टीम 90 रन पर पांच विकेट गंवा चुकी थी और भारत की पकड़ बेहद मजबूत नजर आ रही थी। लेकिन सोनल दिनुषा और टेस्ट टीम में वापसी कर रहे निरोशन डिकवेला ने शानदार साझेदारी कर भारत की मुश्किलें बढ़ा दीं। दिनुशा ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाया, जबकि डिकवेला ने 80 रन की शानदार पारी खेली। जिसकी मदद से श्रीलंका की पारी 284 रन  तक पहुंचने में कामयाब रही।

भारत की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 76 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए। अनुभवी रवींद्र जडेजा ने भी उनका अच्छा साथ दिया और 57 रन देकर तीन विकेट झटके। मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव को एक-एक सफलता मिली। हालांकि, भारत श्रीलंका को फॉलोऑन देने की स्थिति में नहीं पहुंच सका और उसे अपनी दूसरी पारी खेलनी पड़ी।

बता दें कि भारतीय बल्लेबाजों ने पहली पारी में शानदार प्रदर्शन किया। देवदत्त पडिक्कल ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाते हुए 230 गेंदों पर 167 रन बनाए, जिसमें 15 चौके के अलावा एक सिक्स शामिल था। वहीं सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने 10 चौके और एक छक्के की सहायता से 175 बॉल पर 82 रनों का योगदान दिया। ध्रुव जुरेल ने भी बल्ले से फॉर्म दिखाते हुए 68 गेंदों पर 51 रन ठोके। जुरेल ने अपनी इनिंग्स के दौरान 4 चौके के साथ-साथ एक छक्का लगाया।  श्रीलंका की ओर से स्टार स्पिनर प्रभात जयसूर्या ने चार विकेट लिए। जबकि डेब्यूटेंट केशरा नुवांथा को तीन सफलताएं हासिल हुईं। तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो ने दो विकेट लिए।