रणजी ट्रॉफी के पहले दो मुकाबलों के लिए बिहार टीम घोषित, BCCI के चयनकर्ताओं ने किया चयन

पटना: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने BCCI के घरेलू टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी 2026-27 के पहले दो मुकाबलों के लिए बिहार की टीम की घोषणा कर दी है। टीम का चयन BCCI द्वारा बुलाए गए चयनकर्ताओं की देखरेख में किया गया है। चयन प्रक्रिया के बाद 17 खिलाड़ियों को मुख्य टीम में शामिल किया गया है, जबकि 6 खिलाड़ियों को स्टैंडबाय के तौर पर रखा गया है। बिहार की टीम अपने रणजी ट्रॉफी अभियान की शुरुआत 11 अक्टूबर 2026 से उत्तर प्रदेश के खिलाफ करेगी। यह मुकाबला राजगीर स्थित नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके साथ ही बिहार में नए घरेलू क्रिकेट सत्र का भी आगाज होगा।

पहले दो मुकाबलों के लिए बिहार टीम की कप्तानी साकिबुल गनी करेंगे। जबकि उपकप्तान हिमांशु सिंह होंगे। टीम के अन्य सदस्यों में आयुष लोहारूका, मंगल महरूर, नमन गौरव, पीयूष सिंह, बिपिन कु. सौरभ (विकेटकीपर), सरमन निगरोध (विकेटकीपर), आकाश राज, पृथ्वी राज, खालिद आलम, सुरज कुमार कश्यप, शाकीब हुसैन, एमडी इजहार, शाब्बीर खान, राघवेंद्र सिंह और अमोद यादव शामिल हैं। जबकि स्टैंडबाय में नवाज़ खान, मलय राय, दानिश आलम, तनु कुमार सिंह, सचिन कुमार सिंह और प्रशांत कुमार सिंह हैं। हेड कोच आशुतोष अमन, असिस्टेंट कोच अशोक कुमार, फिजियो डॉ. हमेंन्दु तथा ट्रेनर गोपाल कुमार को जिम्मेदारी दी गई है।

रणजी टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन BCCI द्वारा बुलाए गए चयनकर्ता हरविंदर सिंह, एस. शरद, और अमिताभ विजयवर्गीय की निगरानी में किया गया। चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन और उनकी वर्तमान तैयारी को देखते हुए पहले दो मुकाबलों के लिए टीम को अंतिम रूप दिया। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से जारी सूची में मुख्य टीम के साथ स्टैंडबाय खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ का भी उल्लेख किया गया है। 11 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के खिलाफ होने वाला मुकाबला बिहार क्रिकेट के लिए खास होगा। 

राजगीर के नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में बिहार पहली बार रणजी ट्रॉफी के मुकाबले के लिए मैदान पर उतरेगा। नए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले को लेकर बिहार के क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से रणजी ट्रॉफी के नए सत्र को लेकर तैयारियां जोरो पर हैं। अब टीम की नजर 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले अभियान पर है, जहां बिहार की टीम अपने घरेलू मैदान पर उत्तर प्रदेश के खिलाफ जीत के साथ सत्र की शुरुआत करने के इरादे से उतरेगी।