अजित पवार जैसे लोगों का जाना न केवल राजनीतिक नुकसान, बल्कि ऐसे व्यक्तित्व की कमी जिसने हमेशा लोगों के लिए काम किया: संजय सरावगी ‎

बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने एनसीपी नेता एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे में हुए निधन पर गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Jan 28, 2026, 5:47:00 PM

पटना: बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने एनसीपी नेता एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे में हुए निधन पर गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की।  

‎भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि महाराष्ट्र के बारामती में हुई विमान दुर्घटना में उपमुख्यमंत्री एवं एनडीए के हमारे सम्मानित साथी अजित पवार सहित कई लोगों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं स्तब्ध करने वाला है।  

‎ उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के विकास और जनसेवा में अजित  पवार का अमूल्य योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि वह दूरदर्शी नेता थे, जो हमेशा सच बोलते थे और सीधे बोलते थे। महाराष्ट्र को बदलने की उनमें इच्छाशक्ति और दृढ़ संकल्प था, जिसे उन्होंने अपने काम से साबित किया। अजित पवार का निधन केवल महाराष्ट्र की ही नहीं, देश की क्षति है।  

‎भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, "यह हमारे पूरे राष्ट्रवादी परिवार के लिए बहुत दुखद और पीड़ादायक घटना है। अब वे हमारे बीच नहीं हैं, और यह क्षति हमें गहरे दुख में डुबो गई है। अजित पवार जैसे लोगों का जाना न केवल राजनीतिक नुकसान है, बल्कि एक ऐसे व्यक्तित्व की कमी है, जिसने हमेशा लोगों के लिए काम किया।"  

‎उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों और उनके समर्थकों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति दें।