Nitish Kumar ने 2 लाख किसानों को दी बड़ी राहत, 113 करोड़ रुपये डीबीटी से खातों में ट्रांसफर

Nitish Kumar ने शनिवार को राज्य के किसानों को बड़ी राहत दी। उन्होंने 2 लाख 2 हजार से अधिक किसानों के बैंक खातों में 113 करोड़ 16 लाख रुपए की राशि सीधे ट्रांसफर की।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Feb 21, 2026, 12:23:00 PM

Nitish Kumar ने शनिवार को राज्य के किसानों को बड़ी राहत दी। उन्होंने 2 लाख 2 हजार से अधिक किसानों के बैंक खातों में 113 करोड़ 16 लाख रुपए की राशि सीधे ट्रांसफर की। यह राशि कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत दी गई है। साल 2025 में भारी बारिश, बाढ़ और मोन्था तूफान की वजह से जिन किसानों की फसलें बर्बाद हुई थीं, उन्हें यह मुआवजा डीबीटी के जरिए दिया गया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान इस अनुदान राशि का उपयोग आगामी फसलों की तैयारी में कर सकेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित किसानों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उनका मानना है कि राज्य के खजाने पर सबसे पहला अधिकार बाढ़ पीड़ितों का है और सरकार उनकी हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।

जानकारी के मुताबिक, साल 2025 में आई प्राकृतिक आपदाओं से Bihar के 13 जिलों में व्यापक फसल क्षति हुई थी। 53 प्रखंडों और 493 पंचायतों के किसान इससे प्रभावित हुए थे। कृषि विभाग ने सभी प्रभावित किसानों से ऑनलाइन आवेदन लिए, जिसके बाद जिला स्तर पर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई। सत्यापन के बाद पात्र किसानों के खातों में सीधे राशि भेजी गई।

सरकार किसानों की बेहतरी के लिए लगातार कई कदम उठा रही है। इसी क्रम में किसानों की डिजिटल आईडी भी बनाई जा रही है, ताकि उन्हें हर सरकारी योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से मिल सके। यह पहल न केवल राहत प्रदान करने की दिशा में अहम है, बल्कि किसानों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में भी एक मजबूत कदम मानी जा रही है।