पटना : बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव में पटना स्नातक सीट से जीत के बाद एमएलसी नीरज कुमार ने मीडिया के सामने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि वे केंद्रीय मंत्री व पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह का आशीर्वाद लेने नहीं जाएंगे। नीरज कुमार ने गुरुवार को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा से मुलाकात के बाद यह बड़ा बयान दिया है। नीरज ने इससे पहले नीतीश कुमार से मुलाकात की थी। पटना स्नातक सीट से विजयी होने पर नीतीश कुमार ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। जीत की बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की।
जिनको बधाई देना है दे रहे हैं - नीरज कुमार
इस तरह नीरज कुमार को लगातार जीत की बधाई मिल रही है। गुरुवार को मीडिया से नीरज कुमार ने कहा कि ने कहा कि जिनको बधाई देना है वह बधाई दे रहे हैं। ललन सिंह को लेकर कहा कि मैं उनके पास आशीर्वाद लेने नहीं जाऊंगा। ललन सिंह से आशीर्वाद लेने का सवाल ही पैदा नहीं होता।
नीरज बोले- मेरा कसूर क्या था...
विधान परिषद चुनाव में ललन सिंह की तरफ से प्रचार नहीं किए जाने और अनंत सिंह के मामले में उनके रुख से नीरज कुमार नाराज दिखे। सवाल उठाया कि कोई बताए कि मेरा क्या कसूर था? बातचीत के क्रम में उन्होंने यह स्पष्ट किया कि एमएलसी चुनाव में उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ी। उन्होंने कहा कि मेरी जीत के बाद किनके घर में मातम है यह सभी जानते हैं।
'नीतीश और NDA नेताओं का आभार'
जदयू नेता नीरज कुमार ने कहा कि राजनीति में जो मुझे मिलता है उसे सूद सहित वापस करता हूं। नीतीश कुमार और एनडीए के नेताओं का आभार है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा का मार्गदर्शन मिला।