NDA के नेताओं ने UP में फिर योगी सरकार बनने का किया दावा

बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव ने हैदराबाद समिट में 'वोट चोर, गद्दी छोड़' के नारों को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है। देशभर में शांति और सद्भाव बनाए रखते हुए विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए गए हैं।

पटना : बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव ने हैदराबाद समिट में 'वोट चोर, गद्दी छोड़' के नारों को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में देश की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम किया है। देशभर में शांति और सद्भाव बनाए रखते हुए विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए गए हैं।  

रामकृपाल यादव ने कहा- ओवैसी सौदेबाजी करने वाले व्यक्ति हैं

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की टिप्पणी पर रामकृपाल यादव ने कहा कि ओवैसी सौदेबाजी करने वाले व्यक्ति हैं। संभव है कि वह समाजवादी पार्टी के साथ किसी समझौते की कोशिश कर रहे हों लेकिन बात नहीं बन पा रही है। उन्होंने इसे दोनों दलों का आपसी मामला बताया। साथ ही कहा कि सभी विपक्षी दल एकजुट हो जाएं, तब भी कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश को नए स्वरूप में बदलने का काम किया है।

देश के भीतर और बाहर कुछ ताकतें भाईचारे को बिगाड़ने और देश को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं - रामकृपाल यादव

उन्होंने आरोप लगाया कि देश के भीतर और बाहर कुछ ताकतें भाईचारे को बिगाड़ने और देश को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं। ऐसे ही लोग इस तरह के नारे लगा रहे हैं, जो बेहद आपत्तिजनक हैं। 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की मांग किए जाने पर मंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस सत्ता की भूखी हैं। उत्तर प्रदेश की जनता उन्हें सत्ता सौंपने वाली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी ताकत के बजाय दूसरे दलों के सहारे राजनीति करना चाहती है। बिहार हो, उत्तर प्रदेश हो या कोई अन्य राज्य कांग्रेस की यही रणनीति दिखाई देती है।

राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने कहा- ऐसे लोगों की आपत्तियों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है

वहीं, छठ गीतों पर उठाई जा रही आपत्तियों को लेकर जदयू के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने कहा कि ऐसे लोगों की आपत्तियों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। बड़ी संख्या में लोग पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ यह पर्व मनाते हैं। उन्होंने कहा कि छठ अब केवल बिहार तक सीमित नहीं है बल्कि दुनियाभर में मनाया जाने वाला पर्व बन चुका है। यह प्रकृति को समर्पित त्योहार है और इसके माध्यम से लोग प्रकृति के प्रति अपना सम्मान प्रकट करते हैं।

एक पुल का नामकरण पूर्व सीएम के नाम पर किए जाने को लेकर RJD प्रमुख की आपत्ति पर श्याम रजक ने किया पलटवार

एक पुल का नामकरण पूर्व सीएम नीतीश कुमार के नाम पर किए जाने को लेकर राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की आपत्ति पर श्याम रजक ने पलटवार किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लालू यादव के हिसाब से पूरे बिहार का नाम बदलकर 'चारा नगर' रख देना चाहिए। उन्होंने चारा घोटाले और बिटुमेन घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जर्जर बिहार की कमान संभाली और उसे विकसित एवं सम्मानित राज्य बनाने का काम किया है।

सोर्स-आईएएनएस