किशनगंज में कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर जन सुराज पार्टी ने अपनी ताकत झोंक दी है। जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रशांत किशोर ने आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले विधान परिषद चुनाव में आठों सीटों पर जीत का दावा किया है।
किशनगंज शहर के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार की जनता अब जन सुराज को तीसरे विकल्प के रूप में देख रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम से भले ही सत्ता और विपक्ष की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हो, लेकिन जन सुराज विधान परिषद में शिक्षा व्यवस्था में सुधार और सीमांचल की समस्याओं को मजबूती से उठाएगी। बीएड जैसे उच्च शिक्षा संस्थानों की जरूरत और एएमयू के किशनगंज केंद्र से जुड़ी समस्याओं का समाधान पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है।
वहीं कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी रजनीश रंजन ने स्नातक बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ने, पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण की व्यवस्था करने और प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में 10 हजार स्नातकों को रोजगार से जोड़ने का वादा किया। इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए वार्षिक कैलेंडर लागू करने, शिक्षकों को समान वेतनमान और सातवें वेतनमान का लाभ दिलाने तथा अधिवक्ताओं को आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने समेत सात घोषणाएं की गईं। कार्यक्रम में जन सुराज के नेता इकरामुल हक, इशहाक आलम, निहाल अख्तर, तौकीर हुसैन, अंबेरा खातून, रजिया सुल्तान और जफर आलम समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
किशनगंज से इमामुद्दीन की रिपोर्ट