मंत्री संतोष सुमन ने कहा, यूसीसी बिल का है पूर्ण समर्थन

राज्य और केंद्र सरकार में शामिल एनडीए के अहम घटक दल, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा ने समान नागरिक संहिता यानि यूसीसी बिल का पूर्ण समर्थन किया है।

पटना: राज्य और केंद्र सरकार में शामिल एनडीए के अहम घटक दल, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा ने समान नागरिक संहिता यानि यूसीसी बिल का पूर्ण समर्थन किया है। इस संबंध में पार्टी के अध्यक्ष सह बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने बयान जारी किया है।

सोमवार को एक बयान जारी करते हुए संतोष कुमार सुमन ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने समान नागरिक संहिता को लेकर जो दृढ़ संकल्प व्यक्त किया है, हम उसका हृदय से स्वागत करते हुए पूर्ण समर्थन करते हैं। साथ ही,गृहमंत्री से हमारा विनम्र आग्रह है कि अनुसूचित जाति के आरक्षण में कोटे में कोटा और वर्गीकरण के विषय पर भी गंभीरता से पहल करें। जिस प्रकार हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है, उसी प्रकार जहाँ-जहाँ भाजपा की सरकारें हैं, वहाँ भी कोटे में कोटा लागू करने की पहल हो।

उन्होंने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट के अनुसूचित जातियों के उप-वर्गीकरण संबंधी फैसले पर भी केंद्र और राज्य सरकारें गंभीरता से संज्ञान लें, ताकि आरक्षण का लाभ उन वर्गों तक भी पहुँचे, जो लंबे समय से इसके लाभ से अपेक्षाकृत वंचित रहे हैं। हम यूसीसी का पूर्ण समर्थन करते हैं और सामाजिक न्याय की भावना से कोटे में कोटा एवं वर्गीकरण की व्यवस्था लागू करने की पुरजोर मांग करते हैं। हमें पूर्ण विश्वास है कि अमित शाह के नेतृत्व और संवेदनशील दृष्टिकोण में इस विषय पर भी सकारात्मक पहल होगी और सामाजिक न्याय को और अधिक मजबूती मिलेगी।