जनशक्ति जनता दल ने बिहार सरकार के मंत्री और लोजपा रामविलास के वरिष्ठ नेता संजय सिंह के ऊपर फिर हमला किया है। पार्टी ने संजय सिंह से तुरंत इस्तीफा मांगा है।
पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रिया सिंह वत्स ने बुधवार को एक बयान जारी करते हुए कहा कि उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव द्वारा बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह की पोल खोले जाने के बाद से ही बौखलाई विरोधी ताकतें पार्टी और हमारे शीर्ष नेतृत्व को बदनाम करने का नीच प्रयास कर रही हैं। जब से तेज प्रताप यादव ने मंत्री संजय सिंह के कारनामों और भ्रष्टाचार का पर्दाफाश किया है, तब से बौखलाहट में आकर कुछ महिलाओं के माध्यम से लगातार झूठे, मनगढ़ंत और राजनीति से प्रेरित आरोप लगवाए जा रहे हैं। जनशक्ति जनता दल ऐसे सभी प्रायोजित और बेबुनियाद आरोपों को सिरे से नकारती है।
प्रिया सिंह वत्स ने पूरे मामले पर कहा है कि यह पूरी तरह से एक सुनियोजित राजनीतिक साजिश है। सच्चाई को दबाने और जनता का ध्यान भटकाने के लिए इन हथकंडों का सहारा लिया जा रहा है। लेकिन जनशक्ति जनता दल न ऐसी गीदड़ भभकियों से डरने वाली है और न ही पीछे हटने वाली है। जनशक्ति जनता दल अपनी मांग पर पूरी मजबूती से कायम है। मंत्री संजय सिंह को नैतिकता के आधार पर अपने पद से तुरंत इस्तीफा देना ही होगा। इस पावन जन्माष्टमी के अवसर पर पार्टी यह संकल्प लेती है कि बिहार को सभी आसुरी और भ्रष्ट शक्तियों से मुक्त कराया जाएगा।
उनका कहना था कि पार्टी इन झूठे आरोपों का न केवल कानूनी रूप से करारा जवाब देगी, बल्कि सड़क से लेकर सदन तक जनता के हक की लड़ाई जारी रखेगी। बिहार की जनता सब देख रही है और सही समय पर इस भ्रष्ट और षड्यंत्रकारी व्यवस्था को मुंहतोड़ जवाब देगी।