'क्या सभी को जेल जाना होगा या सिर्फ आनंद मोहन को' ? 27 बंदियों की रिहाई पर सवर्ण मोर्चा ने पूछा सवाल

अखिल भारतीय सवर्ण मोर्चा के प्रदेश महासचिव ज्योति कुमार सिंह ने सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पूर्व सांसद आनंद मोहन की रिहाई का आदेश निरस्त किए जाने पर कहा कि न्यायपालिका का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक दायित्व है।

सहरसा: अखिल भारतीय सवर्ण मोर्चा के प्रदेश महासचिव ज्योति कुमार सिंह ने सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पूर्व सांसद आनंद मोहन की परिहार से हुई रिहाई का आदेश निरस्त किए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि न्यायपालिका का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक दायित्व है लेकिन लोकतंत्र में न्यायिक फैसलों की तार्किक एवं संवैधानिक आलोचना करना भी नागरिकों का अधिकार है। 

उन्होंने सवाल उठाया कि जब बिहार सरकार ने स्वयं बिहार कारा हस्तक 2012 के नियम 481 में 10 अप्रैल 2023 को संशोधन किया और उसी के आधार पर 24 अप्रैल 2023 को 27 बंदियों की रिहाई का आदेश जारी हुआ तो उस सूची में 11वें क्रम पर शामिल आनंद मोहन के मामले को लेकर ही इतना विवाद क्यों? क्या उस संशोधन का लाभ लेने वाले सभी बंदियों को फिर जेल जाना पड़ेगा या सिर्फ आनंद मोहन को?

 यदि प्रक्रिया में कोई कानूनी त्रुटि थी तो उसकी जवाबदेही केवल एक व्यक्ति पर क्यों?श्री सिंह ने कहा कि बिहार कारा हस्तक 2012 के प्रावधानों में 26 मई 2016 को भी संशोधन हुआ था। इसके बाद 10 अप्रैल 2023 को तत्कालीन नीतीश सरकार ने नियम 481 में पुनः संशोधन कर ड्यूटी पर तैनात लोक सेवक की हत्या को परिहार से वंचित रखने वाली श्रेणी से हटा दिया था। सरकार के अपने संशोधन और उसके आधार पर लिए गए निर्णयों की जवाबदेही भी सरकार की ही होनी चाहिए। कानून की व्याख्या और उसका अनुपालन सभी के लिए समान होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आनंद मोहन लगभग 16 वर्ष जेल में रहने के बाद राज्य सरकार की परिहार प्रक्रिया के तहत रिहा हुए थे। आजीवन कारावास में 14 वर्ष की अवधि पूरी होने पर राज्य सरकार को निर्धारित कानूनी शर्तों के अधीन परिहार पर विचार करने का अधिकार है। सवाल यह है कि सरकार द्वारा अपने ही बनाए नियमों के तहत दिए गए परिहार की प्रक्रिया और उसकी वैधता पर निष्पक्ष एवं समान रूप से विचार क्यों नहीं होना चाहिए?श्री सिंह ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने 26 नवंबर 2026 को 2023 के संशोधन को असंवैधानिक घोषित करते हुए आनंद मोहन की रिहाई का आदेश निरस्त किया तथा उन्हें एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया। मोर्चा न्यायालय के आदेश का सम्मान करता है लेकिन फैसले के कानूनी और संवैधानिक पहलुओं पर चर्चा का अधिकार भी सुरक्षित रहना चाहिए।

आनंद मोहन के मुकदमे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया के वाहन चालक और अंगरक्षक के बयानों में घटनास्थल पर आनंद मोहन की मौजूदगी को लेकर विरोधाभास होने की बात उनके समर्थक उठाते रहे हैं। सवर्ण मोर्चा का मानना है कि पूर्व सांसद आनंद मोहन राजनीतिक परिस्थितियों के शिकार हुए हैं। उन्हें उस अपराध की सजा दी गई, जिसमें उनकी भूमिका को लेकर सवाल उठते रहे हैं। भाषण देने वाले को सजा पर डीएम जी कृष्णैया को मरने वाले कौन।

उन्होंने यूजीसी विनियम 2026 का उल्लेख करते हुए कहा कि सवर्ण समाज के भीतर इसके प्रावधानों के दुरुपयोग को लेकर गंभीर आशंकाएं हैं। सरकार को सभी वर्गों के अधिकारों और चिंताओं का समान रूप से ध्यान रखना चाहिए। सरकार के खिलाफ बोलना या नीतियों का विरोध करना अपराध नहीं है। मोकामा विधायक अनंत सिंह और आनंद मोहन से जुड़े प्रकरणों में भी कानून की कसौटी सबके लिए एक समान होनी चाहिए।

श्री सिंह ने कहा कि 80 वर्ष की आयु में बाबू वीर कुंवर सिंह ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष किया था। उसी ऐतिहासिक प्रेरणा से अन्याय और दमन के विरुद्ध लोकतांत्रिक आवाज उठाई जाती रहेगी। 75 वर्षीय आनंद मोहन के मामले में सवर्ण समाज के भीतर उठ रहे सवालों को सरकार गंभीरता से ले।अंत में उन्होंने कहा कि न्याय का अर्थ केवल सजा देना नहीं, बल्कि कानून के सामने समानता, निष्पक्षता और समान अवसर सुनिश्चित करना भी है। 

अखिल भारतीय सवर्ण मोर्चा किसी को कानून से ऊपर रखने की मांग नहीं करता बल्कि कानून की एकरूपता और निष्पक्षता की मांग करता है। यदि किसी प्रकार का राजनीतिक प्रतिशोध या समाज विशेष को दबाने का प्रयास हुआ तो मोर्चा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से इसका माकूल जवाब देने के लिए तैयार है। इन सब मुद्दों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलकर जल्द ही पटना में बैठक आयोजित किया जाएगा।

सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट