सहरसा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वर्गीय पिता को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन साह ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर कांग्रेस मर्यादा की सीमाएं लांघ रही है। प्रधानमंत्री की स्वर्गीय माता के बाद अब उनके पिता को लेकर टिप्पणी करना कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
राजीव रंजन साह ने कहा कि कांग्रेस कभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘चायवाला’ कहकर उनकी पृष्ठभूमि पर तंज कसती है, तो कभी उनके परिवार को राजनीतिक निशाना बनाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता से जुड़े मुद्दों पर सार्थक बहस करने के बजाय कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी व्यक्तिगत टिप्पणियों तक सिमटती जा रही है।
नीतियों पर सवाल उठाएं, परिवार पर नहीं
भाजपा नेता ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की नीतियों, फैसलों और कार्यशैली की आलोचना करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन राजनीतिक बहस में किसी के माता-पिता को घसीटना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में राजनीतिक मतभेद के बावजूद भाषा और व्यवहार की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।
राजीव रंजन साह ने कांग्रेस नेतृत्व से अपने बयानों पर आत्ममंथन करने की अपील करते हुए कहा कि विपक्ष को व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप के बजाय महंगाई, रोजगार, विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में नेताओं के बयान और आचरण जनता के सामने होते हैं और जनता ही उनका मूल्यांकन करती है।
सहरसा से विकास कुमार की रिपोर्ट