JDU ने जारी की 137 सदस्यीय राज्य कार्यकारिणी की सूची, नीतीश कुमार समेत कई दिग्गज शामिल

बिहार प्रदेश जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने वर्ष 2026 के लिए 137 सदस्यीय राज्य कार्यकारिणी की सूची जारी की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के हस्ताक्षर से 26 नवंबर 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है।

पटना : बिहार प्रदेश जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने वर्ष 2026 के लिए 137 सदस्यीय राज्य कार्यकारिणी की सूची जारी की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के हस्ताक्षर से 26 नवंबर 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है। राज्य कार्यकारिणी में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, केंद्रीय मंत्रियों, बिहार सरकार के मंत्रियों, सांसदों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों और विभिन्न जिलों के नेताओं को जगह दी गई है।

निशांत को भी राज्य कार्यकारिणी में मिली जगह

राज्य कार्यकारिणी की सूची में पहले स्थान पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम है। वहीं, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा दूसरे और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह तीसरे स्थान पर हैं। सूची में निशांत का नाम नौवें स्थान पर है। इसके अलावा पूर्व सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, मंत्री श्रवण कुमार और पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी को भी कार्यकारिणी में शामिल किया गया है।

कई मंत्रियों और पूर्व सांसदों को मिली जगह

राज्य कार्यकारिणी में केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, दामोदर रावत, मदन सहनी, सुनील कुमार, शीला मंडल, भगवान सिंह कुशवाहा, जमा खान, शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, रत्नेश सादा और श्वेता गुप्ता के नाम भी शामिल हैं। इसके अलावा नरेंद्र नारायण यादव, रामवचन राय, ललन कुमार सर्राफ, नीरज कुमार, श्याम रजक, रामसेवक सिंह, अफाक अहमद खां, कविता सिंह, अशफाक करीम, कृष्णनंदन वर्मा, रंजू गीता, अभिराम शर्मा और निखिल मंडल समेत कई नेताओं को कार्यकारिणी में स्थान दिया गया है।

विभिन्न जिलों के नेताओं को प्रतिनिधित्व

जदयू की राज्य कार्यकारिणी में पटना, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सारण, समस्तीपुर, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, भागलपुर, मुंगेर, बांका, बेगूसराय, रोहतास, कैमूर, बक्सर और पूर्वी चंपारण समेत विभिन्न जिलों के नेताओं को प्रतिनिधित्व दिया गया है। कार्यकारिणी में महिला नेताओं को भी जगह मिली है। प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा द्वारा जारी अधिसूचना में कुल 137 सदस्यों के नाम दर्ज हैं। नई राज्य कार्यकारिणी के गठन को पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।