समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाईपास रोड पर बीच सड़क लड़की से बदसलूकी और छेड़खानी मामले पर सियासत तेज है। सत्ता पक्ष की ओर से जहां सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है। वहीं विपक्ष सरकार पर हमलावर है। अब केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सीएम सम्राट चौधरी ने आरोपियों का एनकाउंटर करने की मांग कर दी है। चिराग पासवान ने कहा कि इस मामले में 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। लेकिन कार्रवाई यहीं नहीं रुकनी चाहिए।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है-बिहार में जमुई के बाद अब समस्तीपुर में जो छेड़खानी की घटना सामने आई है वो बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि सरेआम बच्चियों के साथ अमानवीय व्यवहार कर रहे है , ये हम सभी के लिए चिंता का विषय है। जब सरेआम बच्चियों के साथ ऐसी हरकतें होने लगें, तो यह कानून-व्यवस्था और प्रशासन की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
इस मामले में 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। लेकिन कार्रवाई यहीं नहीं रुकनी चाहिए। माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी से मांग करता हूं कि इस घटना में संलिप्त हर व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। जैसे जमुई की घटना में शामिल आरोपी का एनकाउंटर हुआ ठीक वैसे ही इस घटना के आरोपियों का भी एनकाउंटर हो ताकि अपराधियों में कानून का भय कायम हो और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
बता दें कि समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाईपास रोड पर बीच सड़क पर एक लड़की से बदसलूकी का मामला सामने आया है। एक लड़की के साथ 3 से 4 युवकों ने छेड़खानी और अभद्र व्यवहार किया। बताया जा रहा कि युवती एक युवक के साथ बाइक से गुजर रही थी। दोनों सड़क किनारे रुककर फोटो ले रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और युवती को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई का आदेश दिया। आदेश मिलते ही कर्पूरीग्राम थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।