बिहार के चर्चित आईएएस अधिकारी और गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया हत्याकांड में पूर्व सांसद आनंद मोहन को बड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई का फैसला रद्द कर दिया है। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने पूर्व सांसद को एक महीने के भीतर संबंधित अधिकारियों के सामने सरेंडर करने का निर्देश दिया। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद जी. कृष्णैया के परिवार ने राहत की सांस ली है। इस फैसले पर गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया की बेटी पद्मा ने खुशी जताई है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि न्याय मिलने में भले ही देर हुई, लेकिन उन्हें न्यायपालिका पर भरोसा था।
जी. कृष्णैया की बेटी पद्मा ने भावुक होकर कहा कि पिता के निधन के बाद पूरा परिवार टूट गया था, लेकिन उनके दोस्तों और बैचमेट ने न्याय की लड़ाई जारी रखी। उनके पिता के साथियों और दोस्तों ने इस मामले में लंबी लड़ाई लड़ी। उनकी मां भी काफी दुखी थीं। ऐसे मुश्किल समय में उनके पिता के बैचमेट और दूसरे अधिकारी साथियों ने हार नहीं मानी और न्याय के लिए लगातार संघर्ष करते रहे। पद्मा ने भावुक होते हुए कहा-पप्पा कितने अच्छे थे कि उनके लिए इतने लोगों ने लड़ाई लड़ी। उनके ऑफिसर साथियों ने बहुत बड़ी लड़ाई लड़ी है। हम उनके एहसान को कभी नहीं भूल सकते।
बता दें कि 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पूर्व सांसद आनंद मोहन को जेल मैनुअल में संशोधन के बाद रिहाई हुई थी। समय से पहले जेल से रिहाई को जी. कृष्णैया के परिवार ने चुनौती दी थी। परिवार का कहना था कि जेल मैनुअल में किया गया बदलाव आनंद मोहन को लाभ पहुंचाने के लिए किया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने अब बिहार सरकार के उस फैसले को गलत ठहराते हुए आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई रद्द कर दी है।
बतातें चलें कि तेलंगाना निवासी आईएएस अधिकारी जी. कृष्णैया की 1994 में मुजफ्फरपुर जिले में भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। उस समय उनका वाहन गैंगस्टर छोटन शुक्ला की अंतिम यात्रा से आगे निकलने की कोशिश कर रहा था। उस समय विधायक रहे आनंद मोहन इस अंतिम यात्रा में शामिल थे। उन पर भीड़ को कृष्णैया की हत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा था। लंबी सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें दोषी करार दिया। जी. कृष्णैया हत्याकांड में निचली अदालत ने अक्टूबर 2007 में आनंद मोहन को फांसी की सजा सुनाई थी। हालांकि, दिसंबर 2008 में पटना हाईकोर्ट ने मृत्युदंड को उम्रकैद में बदल दिया था। उसके बाद आनंद मोहन जेल में सजा काट रहे थे।
करीब 15 साल से अधिक समय जेल में बिताने के बाद अप्रैल 2023 में आनंद मोहन की रिहाई हुई। बिहार सरकार की तत्कालीन नीतीश सरकार की ओर से जेल मैनुअल में संशोधन की वजह से उनकी रिहाई हुई। सरकार ने नियम में बदलाव कर ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी की हत्या के दोषियों को समय से पहले रिहाई का रास्ता खोल दिया था।