गुजरात के किसी नाला में भी बारिश का पानी बढ़ता है तो मिल जाता है पैकेज: तेजस्वी

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादस ने राज्य में आयी बाढ को लेकर सीधे सीधे प्रधानमंत्री पर निशाना साधा है।

पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादस ने राज्य में आयी बाढ को लेकर सीधे सीधे प्रधानमंत्री पर निशाना साधा है। तेजस्वी ने सोमवार को एक बयान जारी करते हुए कहा कि गुजरात के किसी नाला में भी बारिश का पानी बढ़ जाता है तो प्रधानमंत्री वहाँ पहुँच, इसे आपदा घोषित कर गुजरात को हज़ारों करोड़ का पैकेज दे देते है।

तेजस्वी का कहना था कि इसी साल 23 जुलाई को गुजरात में बारिश ही हुई थी, बारिश के कारण एक व्यक्ति की मृत्यु हुई। मतलब बारिश होने पर ही प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने वहाँ के सीएम से कॉन्फ्रेंसिंग की। एयरफोर्स और एनडीआरएफ को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया। अभी कुछ साल पहले गुजरात में बाढ़ आई तो प्रधानमंत्री मोदी हवाई सर्वेक्षण करने गए, तुरंत 500 करोड़ का पैकेज दिया। राहत और बचाव के लिए आर्मी, एयरफोर्स और एनडीआरएफ की टीमें लगाई। पीड़ितों को दो-दो लाख रुपए दिए गये। बिहार में बाढ़ से 50 से अधिक लोग मरे है। हज़ारों मवेशी ग़ायब हैं, हज़ारों करोड़ का नुकसान हुआ है, 45 लाख लोग प्रभावित हैं लेकिन सहायता तो छोड़िए प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री के मुँह से एक शब्द नहीं निकला है। वहाँ मदद करना तो दूर बिहार के सीएम से फ़ोन पर भी बात नहीं की है। क्या यहाँ के सीएम को वो फालतू और हल्का समझते है? उनका कहना था कि हमारे बिहार के साथ इतना भेदभाव क्यों? गुजरात में बाढ़ नहीं बारिश में ही केंद्र सरकार एक्टिव हो जाती है और बिहार में सैंकड़ों लोगों के मरने और 45 लाख बिहारियों के प्रभावित होने पर भी कोई हलचल नहीं। 

तेजस्वी ने कहा कि यह बिहारियों को समझना होगा। हमारे यहाँ तो ठनका गिरने से ही एक सीजन में सैंकड़ों लोग मर जाते है फिर भी “ठनके” को इन्होंने राष्ट्रीय आपदा सूची में सम्मिलित नहीं किया। केंद्र सरकार कोई मुआवजा नहीं देती। गुजरात में तो बारिश से मरने पर केंद्र दो लाख रुपए दे देती है। पहले बिहार पर आपदा आती थी तो लालू प्रसाद, नीतीश कुमार, चाहे इनके बीच जैसे राजनीतिक दुश्मनी हो लेकिन आपदा के समय बिहार के हक को लेकर एक रहते थे। अब तो 30 सांसद सहित आठ केन्द्रीय मंत्री सब गूंगे, बहरे और अंधे है। ये अपने हक के लिए भी नहीं बोल सकते। हम तो विपक्ष में है पहले दिन से माँग कर रहे है, प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है अगर केंद्र से पैकेज मिलेगा तो वो सरकार को मिलेगा, बताइए इसमें मेरा क्या भला होगा? अगर मैं नकारात्मक दृष्टिकोण का होता तो केंद्र पर क्यों दबाव बनाता? तेजस्वी बिहार और बिहारियों के लिए मरता और जीता है, यही हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सिखाया है।

तेजस्वी ने हमला करते हुए कहा कि भाजपाई लोग तो अब सरेआम कहते है कि हमें बिहारियों की कोई चिंता नहीं। भाजपाई कहते है कि चार साल 11 महीना बिहारियों को उनके हाल पर छोड़ दो। चुनाव के आख़िरी महीना में पांच किलो चावल और 10 हज़ार नगद बांटो और वो सब भूल जाएँगे। हम बिहारियों के लिए कितने शर्म की बात है कि 45 लाख लोग प्रभावित होने के बावजूद सरकार से कहीं कोई सहायता, सहयोग और उम्मीद नहीं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आख़िर सोचिए ऐसा क्यों? राजनीति से परे यह पूछ रहा हूँ, क्यों? बिहार ने अपने हक़ के लिए हमेशा केंद्र को झुकाया है लेकिन अब इस बीजेपी के फेर में बिहार झुक रहा है।