सम्राट कैबिनेट विस्तार: आज शाम पटना आयेंगे अमित शाह, कल पहुंचेंगे पीएम मोदी, तेजस्वी भी होंगे शामिल?

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज देर शाम पटना पहुंच जायेंगे।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : May 06, 2026, 2:27:00 PM

बिहार में कल (7 मई 2026) मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार होगा। ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज देर शाम पटना पहुंच जायेंगे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल सुबह पहुंचेंगे। 

दरअसल बिहार कैबिनेट विस्तार को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आज रात 8:30 बजे गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पटना पहुंचेंगे और होटल मौर्य में ठहरेंगे। अमित शाह की ओर से पास होने के बाद भाजपा के संभावित मंत्रियों की लिस्ट को अंतिम रूप दिया जायेगा।  जबकि जदयू के संभावित मंत्रियों की लिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की सहमति के बाद तय हो गई है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कल सुबह 11:30 बजे प्रस्तावित पटना आगमन को लेकर भी तैयारियां जोरों पर हैं, जहां वीरचंद पटेल पथ से गांधी मैदान तक बड़ी संख्या में बीजेपी नेता और कार्यकर्ता उनके भव्य स्वागत के लिए मौजूद रहेंगे। 

बिहार मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, जिसके तहत सभी विधायकों और विधान पार्षदों को औपचारिक आमंत्रण भेजे जा रहे हैं। लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए सत्ता पक्ष द्वारा विपक्ष को भी आमंत्रित किया जा रहा है, जिसमें विशेष रूप से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा जा रहा है।

वहीं, बीजेपी इस बार कुछ नए चेहरों को भी मौका देने के मूड में दिख रही है। पार्टी के भीतर से संजीव चौरसिया, नीतीश मिश्रा और मनोज शर्मा के नाम चर्चा में हैं। इन नए चेहरों को शामिल कर पार्टी सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश कर सकती है। जदयू अपने पुराने मंत्रियों पर भरोसा बनाए रख सकती है। संभावित नामों में श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, सुनील कुमार, मदन सहनी और मो. जमा खान शामिल हैं। वहीं नए चेहरों में शीला मंडल, भगवान सिंह कुशवाहा, बुलो मंडल और विनय चौधरी को मौका मिल सकता है।

बताते चलें कि बुधवार को जेडीयू नेता संजय झा और डिप्टी सीएम विजय चौधरी पटना स्थित 7 सर्कुलर रोड पहुंचे, जहां उनकी नीतीश कुमार से मुलाकात हुई।   नीतीश कुमार के सरकारी आवास 7 सर्कुलर रोड में जदयू के बड़े नेताओं की मीटिंग हुई। जिसमें केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा सहित अन्य जदयू के शीर्ष नेता मौजूद रहे  माना जा रहा है कि इस बैठक में मंत्रिमंडल के नामों के साथ-साथ निशांत कुमार को लेकर भी चर्चा हुई। सबसे अधिक चर्चा नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावनाओं को लेकर हो रही है।