पटना में कल PM मोदी का भव्य रोड शो, शपथ ग्रहण समारोह में अमित शाह, नीतीश, तेजस्वी समेत बड़े नेता होंगे शामिल

बिहार की राजधानी पटना में 7 मई को सम्राट मंत्रिमंडल विस्तार का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी, अमित शाह, नीतीश कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : May 06, 2026, 3:44:00 PM

बिहार की राजधानी पटना में 7 मई को सम्राट मंत्रिमंडल विस्तार का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में पीएम मोदी, अमित शाह, नीतीश कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। पीएम मोदी के पटना दौरे के दौरान एक भव्य रोड शो भी होगा। प्रधानमंत्री के आगमन की संभावनाओं को देखते हुए राजधानी पटना में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक पूरे रूट को हाई-सिक्योरिटी जोन में तब्दील कर दिया जाएगा। सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक कई प्रमुख सड़कों पर आम वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कल सुबह 11:30 बजे प्रस्तावित पटना आगमन को लेकर भी तैयारियां जोरों पर हैं, जहां वीरचंद पटेल पथ से गांधी मैदान तक बड़ी संख्या में बीजेपी नेता और कार्यकर्ता उनके भव्य स्वागत के लिए मौजूद रहेंगे। इस शपथ ग्रहण से पहले पटना में पीएम मोदी एक रोडशो भी करेंगे। बिहार बीजेपी के नेताओं से मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री का काफिला हवाई अड्डे से निकलकर हज भवन और भाजपा कार्यालय होते हुए आयकर गोलंबर पहुंचेगा। वहां से डाकबंगला चौराहा होते हुए पीएम का काफिला सीधे गांधी मैदान पहुंचेगा। इस पूरे रूट पर बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत की तैयारी की गई है, जहां प्रधानमंत्री पर फूलों की वर्षा की जाएगी।

वहीं बिहार मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, जिसके तहत सभी विधायकों और विधान पार्षदों को औपचारिक आमंत्रण भेजे जा रहे हैं। लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए सत्ता पक्ष द्वारा विपक्ष को भी आमंत्रित किया जा रहा है, जिसमें विशेष रूप से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा जा रहा है।

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ एनडीए के तमाम बड़े नेता शामिल हो सकते हैं। शपथ ग्रहण के लिए तैयारियां अपने अंतिम पड़ाव पर हैं। पूरा समारोह स्थल पूरे चार जोन में बंटा होगा। करीब 3000 जवान गांधी मैदान और इसके आस-पास के इलाके में तैनात रहेंगे। कार्यक्रम स्थल पर 2 मंच बनाए गए हैं, जिसमें से एक मंच पर पीएम मोदी समेत एनडीए के शीर्ष नेता बैठेंगे। वहीं दूसरे मंच पर एनडीए के क्षेत्रीय नेताओं को जगह मिलेगी। समारोह की भव्यता और सुरक्षा को देखते हुए गांधी मैदान के आसपास 7 मई की सुबह 6:00 बजे से ही सामान्य यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और केवल पास धारक वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

बता दें कि बीजेपी इस बार कुछ नए चेहरों को भी मौका देने के मूड में दिख रही है। पार्टी के भीतर से संजीव चौरसिया, नीतीश मिश्रा और मनोज शर्मा के नाम चर्चा में हैं। इन नए चेहरों को शामिल कर पार्टी सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश कर सकती है। जदयू अपने पुराने मंत्रियों पर भरोसा बनाए रख सकती है। संभावित नामों में श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, सुनील कुमार, मदन सहनी और मो. जमा खान शामिल हैं। वहीं नए चेहरों में शीला मंडल, भगवान सिंह कुशवाहा, बुलो मंडल और विनय चौधरी को मौका मिल सकता है।

बताते चलें कि सम्राट कैबिनेट विस्तार में करीब 27 मंत्री शपथ ले सकते हैं। इनमें भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास) और हम दल के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। संभावित फॉर्मूले के तहत भाजपा से लगभग 12, जदयू से 11, लोजपा (रामविलास) से 2 और हम से 1-1 मंत्री बनाए जा सकते हैं। हालांकि, भविष्य की राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कुछ सीटें खाली भी रखी जा सकती हैं। बिहार में कुल मिलाकर मुख्यमंत्री सहित 36 मंत्रियों की अधिकतम सीमा है।