पटना के बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान के बाद अब रिजल्ट की बारी है। अब सबकी नजरें 3 अगस्त 2026 पर टिकी हैं, जब उपचुनाव के नतीजे सामने आएंगे। फिलहाल एग्जिट पोल के नतीजों ने हलचल बढ़ा दी है। कुछ संस्थानों की तरफ से कराए गए एग्जिट पोल के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। सर्वे में प्रशांत किशोर के पक्ष में नतीजे जाते दिख रहे हैं। ज्यादातर सर्वे एजेंसियों ने जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को बढ़त दिखाई है। इस बीच राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है।
पॉलिटिकल रिसर्च एजेंसी जनमत पोल्स के सर्वे के अनुसार जन सुराज को 66 हजार से 71 हजार के बीच वोट मिल सकता है। वहीं बीजेपी के लिए अनुमानित वोट का आंकड़ा 44 हजार से 49 हजार का रहने वाला है। आरजेडीतीसरे नंबर पर जाती दिख रही है। आरजेडी के लिए अनुमानित वोट का आंकड़ा 11 हजार से लेकर 13 हजार के बीच का है। जनमत पोल के सर्वे के मुताबिक जन सुराज पार्टी को 49 से 52 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। भाजपा के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को 34 से 36 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान लगाया गया है। वहीं, आरजेडी की उम्मीदवार रेखा गुप्ता को सिर्फ 9 से 10 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना बताई गई है।
वहीं डीवी रिसर्च ने भी क्लियर किया है कि प्रशांत किशोर का वोट पर्सेंट ज्यादा है। बीजेपी और आरजेडी से ज्यादा वोट प्रशांत किशोर को मिले हैं। और प्रशांत किशोर उपचुनाव में जीत हासिल कर रहे हैं। डीवी रिसर्च के एग्जिट पोल में भी प्रशांत किशोर को बढ़त मिलती दिखाई गई है। इस सर्वे के अनुसार जन सुराज पार्टी को 43 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है। वहीं भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा को 39 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना जताई गई है। वहीं रिसर्च एजेंसी पोल पंडित के एग्जिट पोल में भी प्रशांत किशोर को 50 प्रतिशत से ज्यादा वोट मिल सकते हैं। जबकि भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा को 38 से 42 प्रतिशत के बीच वोट मिलने का अनुमान है। हालांकि, ये एग्जिट पोल के नतीजे हैं और उपचुनाव का अधिकारिक परिणाम 3 अगस्त को काउंटिंग के बाद ही सामने आएगा।
वहीं एग्जिट पोल के आंकड़ों के बीच राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर सीट से आरजेडी उम्मीदवार रेखा गुप्ता की जीत तय है, क्योंकि जनता ने भारतीय जनता पार्टी के विरोध में मतदान किया है। भाई वीरेंद्र ने कम मतदान प्रतिशत को लेकर भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि खास तौर पर बीजेपी के मतदाता ही मतदान के लिए घरों से बाहर नहीं निकले, जिसकी वजह से मतदान प्रतिशत कम रहा।
वहीं, बिहार सरकार में मंत्री दीपक प्रकाश को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा सरकार से जवाब तलब किए जाने के मामले पर भी भाई वीरेंद्र ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर दीपक प्रकाश छह महीने से मंत्री पद पर हैं और अभी तक किसी सदन के सदस्य नहीं हैं, तो सरकार को इस मामले में तत्काल जवाब देना चाहिए।
बांकीपुर उपचुनाव एग्जिट पोल
जनमत पोल्स
प्रशांत किशोर-49 से 52 प्रतिशत
भाजपा-नीरज कुमार सिन्हा-34 से 36 प्रतिशत
आरजेडी-रेखा गुप्ता- 9 से 10 प्रतिशत
डीवी रिसर्च
प्रशांत किशोर-43 प्रतिशत
भाजपा-नीरज कुमार सिन्हा-39 प्रतिशत
पोल पंडित
प्रशांत किशोर-50 प्रतिशत
भाजपा-नीरज कुमार सिन्हा-38 से 42 प्रतिशत