मतगणना शुरू होते ही अनंत सिंह समर्थित उम्मीदवार उठाने लगे सवाल, कहा- नहीं लगे हैं CCTV कैमरे

बिहार, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र की विधान परिषद की 28 सीटों पर आज यानी 27 अक्टूबर मतगणना हो रही है। इस चुनाव में एनडीए और महागठबंधन के बीच तीखा मुकाबला है।

पटना : बिहार, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र की विधान परिषद की 28 सीटों पर आज यानी 27 अक्टूबर मतगणना हो रही है। इस चुनाव में एनडीए और महागठबंधन के बीच तीखा मुकाबला है। चार राज्यों में बिहार की आठ, कर्नाटक की चार, महाराष्ट्र की पांच और उत्तर प्रदेश की 11 सीटों के नतीजे आज सामने आएंगे। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर मतगणना हो रही है। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी सीट शामिल हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण सीट शामिल है।

मतगणना केंद्रों पर CCTV नहीं - जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह

जन सुराज के एमएलसी चुनाव प्रत्याशी अनुज सिंह ने अपनी जीत को लेकर भरोसा जताया है। उनका कहना है कि मतदाताओं ने अपना फैसला कर लिया है और उन्हें विश्वास है कि उनकी जीत होगी। उन्होंने कहा कि जन सुराज पटना ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र की सीट बड़े अंतर से जीतने जा रही है। वहीं, उन्होंने मतगणना को लेकर भी कुछ सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जिन जगहों पर मतगणना हो रही है वहां कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। उन्होंने इसे लेकर चिंता जताई है। उन्होंने रिटर्निंग ऑफिसर के सामने यह बात रखी है। वहीं, अनुज सिंह ने मतगणना केंद्रों की स्वच्छता को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जहां इतनी महत्वपूर्ण गिनती हो रही है, वहां काउंटिंग एजेंटों के बैठने की जगह बहुत गंदी है और वहां से बदबू आ रही है।

बिहार में मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा

पटना स्नातक और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से बिहार विधान परिषद चुनावों के लिए बांकीपुर गवर्नमेंट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में मतगणना होनी है। यहां भारी पुलिस और सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। मौके पर हेल्प डेस्क भी बनाया गया है।