नयी दिल्ली: हैदराबाद से सांसद और एआइएमआइएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को तगड़ा झटका लगा है। उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और बडे चेहरे में शुमार होने वाले असीम वकार ने इस्तीफा दे दिया है। वकार कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं। असीम वॉकर का एआईएमआईएम से इस्तीफा देना पार्टी की राजनीति के लिहाज से तगड़ा झटका माना जा रहा है।
असदुद्दीन ओवैसी को बुधवार को तब तगडा झटका लगा, जब उनकी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे असीम वकार ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। वकार राजधानी दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में उत्तर प्रदेश के कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष अजय राय, पार्टी के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और कांग्रेस से अल्पसंख्यक सेल के अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। इस मौके पर वकार ने ओवैसी पर कई आरोप लगाये। उनका कहना था कि ओवैसी बीजेपी से मिले हुए हैं। उनका यह भी कहना था कि एआइएमआइएम जमीन पर बीजेपी से नहीं लडती है।
असीम वकार का यह भी कहना था कि एआइएमआइएम में रहने के दौरान उनका यह लगा कि पार्टी को भारतीय जनता पार्टी को हराना है लेकिन बीजेपी के खिलाफ लड़ाई नहीं लड़ी जाती है। उनकी पहले की पार्टी कांग्रेस पर निशाना साधती थी। इसलिए मैं कांग्रेस पार्टी को ज्वाइन कर रहा हूं। सही मायने में भारतीय जनता पार्टी से अगर कोई लड़ रहा है तो राहुल गांधी लड़ रहे हैं। उनका यह भी कहना था कि हुमायूं कबीर के बारे में मैंने कहा था कि भाजपा के एजेंट है और बाबरी मस्जिद जो बनवा रहे हैं। वह बीजेपी बनवा रही है। उन्होंने स्टिंग ऑपरेशन में कहा था 1100 करोड रुपए मुझे मिले हैं। हमारी सरकार आएगी तो इसकी जांच करेंगे। मैं देश, धर्मनिरपेक्षता और सच के साथ हूं। मैं यहां टिकट के लिए नहीं आया हूं।
बता दे की असीम वकार को एआइएमआइएम का बड़ा चेहरा माना जाता था। विभिन्न मीडिया मंचों पर असीम अपनी पार्टी के पक्ष को मजबूती से रखते हुए नजर आते थे लेकिन अब बदली हुई परिस्थिति में असीम वकार कांग्रेस के साथ हो गए हैं। ज्ञात हो कि उत्तर प्रदेश में अगले ही साल विधानसभा चुनाव होने हैं और इस राजनीतिक घटनाक्रम को असदुद्दीन ओवैसी के लिए बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है।