जयपुर। राजस्थान के कोटा में भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई और 6 लोग घायल हुए हैं। मरने वाले सभी एक परिवार के बताए जा रहे हैं। हादसे के शिकार सभी लोग खाटूश्याजमी के दर्शन कर लौट आए थे।
मिली जानकारी के अनुसार, क्रूजर में सवार होकर एक परिवार के लोग खाटूश्यामजी के दर्शन करने गए थे। दर्शन कर वापस लौटते समय शनिवार देर रात थाना क्षेत्र में शंभूपुरा गांव के पास कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
हादसे में क्रूजर में सवार एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। 6 लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि हादसा क्रूजर के ड्राइवर को झपकी आने से हुआ है।
एक यात्री ने बताया, "हम खाटूश्यामजी गए थे और जयपुर के रास्ते वापस लौट रहे थे। हमारे पास तीन गाड़ियां थीं और हम जयपुर के आगे खाना खाने के लिए रुके थे। खाना खाने के बाद, जिस गाड़ी का एक्सीडेंट हुआ, वह पहले निकल गई, जबकि हम बाद में निकले। रास्ते में हमें एक कॉल आया कि हादसा हो गया है और हमें जल्दी पहुंचने के लिए कहा गया। जब तक हम वहां पहुंचे, तब तक सभी घायलों को अस्पताल ले जाया जा चुका था। अभी पांच-छह लोग घायल हैं, और बाकी लोगों की मौत हो चुकी है।"
इससे पहले, अक्टूबर महीने में राजस्थान के दौसा-मनोहरपुर नेशनल हाईवे (एनएच-148) पर रायसर के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई थी। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
अधिकारियों के अनुसार, कार में सवार सभी छह लोग खाटूश्यामजी के दर्शन करके आगरा लौट रहे थे। रायसर थाना क्षेत्र से गुजरते समय कार का टायर फट गया। इसके बाद ड्राइवर का गाड़ी पर से नियंत्रण हट गया और कार खाई में जा गिरी। मृतकों की पहचान अतुल, मुकुल, रूपेश और शिवा के रूप में हुई थी।
सोर्स-आईएएनएस