CJP Delhi Protest : अभिजीत, सौरव और आशुतोष की ACM कोर्ट में पेशी, हुए रिहा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान हुई कार्रवाई के बाद रविवार को प्रदर्शन बढ़ने की आशंका है। कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया है।

नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान हुई कार्रवाई के बाद रविवार को प्रदर्शन बढ़ने की आशंका है। कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया है। सीजेपी के अंजिक्य शिंदे ने शनिवार को ऐलान किया था कि जबतक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं हो जाता तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। 

कोर्ट में दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका की पेशी

वहीं कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली कैंट की एसीएम कोर्ट में पेश किया गया है। इन तीनों को कोर्ट से रिहाई मिल गई है। अभिजीत दिपके की मां अनीता दिपके ने पुलिस पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है और कहा है कि अभिजीत को उनकी दादी के निधन की सूचना नहीं दी गई। अभिजीत के पिता ने भी दावा किया कि उन्हें दिल्ली से बाहर शिफ्ट किया गया है। परिवार का कहना है कि अगर अभिजीत को समय पर जानकारी मिलती तो वे तुरंत आ जाते। 

वकील रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया पर CJP लीडर्स की रिहाई की जानकारी दी है

वकील रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया पर सीजेपी लीडर्स की रिहाई की जानकारी दी है। हालांकि, कार्यकारी मजिस्ट्रेट की अदालत ने अभिजीत दिपके, सौरभ दास और आशुतोष रांका को इस शर्त पर रिहा कर दिया है कि वो एक साल तक शांति बनाए रखेंगे। वहीं, तीनों लीडर्स की रिहाई पर सीजेपी ने सोशल मीडिया पर खुशी जताते हुए लिखा कि आखिरकार दिल्ली पुलिस को अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को रिहा करना पड़ा। कॉकरोच कभी नहीं मरते।

सेवा तीर्थ और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट के पास बढ़ाई गई सुरक्षा

दिल्ली में सेवा तीर्थ और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के पास सुरक्षा बढ़ाई गई है। यहां सुरक्षाबलों की तैनाती के साथ ही बैरिकेडिंग भी की गई है। हालांकि, डीएमआरसी ने कल ही यह स्पष्ट किया था कि दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट खुले हैं। रविवार को मेट्रो सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं। 

यूट्यूबर ध्रुव राठी रिहा

आपको बता दें कि यूट्यूबर ध्रुव राठी को रिहा कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, ध्रुव राठी को देर रात तीन बजे रिहा किया गया। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, अगर जंतर-मंतर आने की कोशिश की गई तो पुलिस फिर से कार्रवाई करेगी।

30 हजार से ज्यादा जवान तैनात

वहीं रविवार को दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 30 हजार से ज्यादा पुलिस और पैरामिलिट्री जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी है। रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों और दूसरी संवेदनशील जगहों पर निगरानी कड़ी कर दी गई है। दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर आज पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती नहीं है। यहां सिर्फ दिल्ली पुलिस के कुछ जवान तैनात हैं। वहीं, चिल्ला बॉर्डर पर भी ट्रैफिक बिना किसी रुकावट के सामान्य रूप से जारी है।