राहुल के 'डिजिटल सत्याग्रह' पर चिराग ने कहा- 'आत्ममंथन की जरूरत'

छत्तीसगढ़ पहुंचे केंद्रीय मंत्री व लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'डिजिटल सत्याग्रह प्लेटफॉर्म' को लेकर अपना बयान दिया है।

नई दिल्ली : छत्तीसगढ़ पहुंचे केंद्रीय मंत्री व लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'डिजिटल सत्याग्रह प्लेटफॉर्म' को लेकर अपना बयान दिया है। चिराग ने तंज कसते कांग्रेस नेता को नसीहत देते हुए कहा है कि जनता आपको नकार रही है। इस बात को समझने के लिए सत्याग्रह नहीं, आत्म मंथन करने की जरूरत है। चिराग ने कहा है कि यह अच्छी बात है। मैंने हमेशा युवाओं और हमारे भारतीय नागरिकों को अपनी बात रखने के लिए ज्यादा से ज्यादा प्लेटफॉर्मम देने की वकालत की है। इसी सोच के साथ राहुल गांधी ने सत्याग्रह शुरू किया है।

चिराग ने कहा- नाम तो अच्छा चुना गया है, लेकिन विपक्ष की आदत हो गई है कि वे बार-बार झूठ और भ्रम फैलाते हैं

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आगे कहा कि नाम तो अच्छा चुना गया है, लेकिन विपक्ष की आदत हो गई है, कि वे बार-बार झूठ और भ्रम फैलाते हैं। मुद्दों को उठाना और फिर उन्हें बीच में ही छोड़ देना। ईवीएम से लेकर एसआईआर तक हर चीज के बारे में जनता के बीच भ्रम फैलाना। असलियत यह है कि जनता आपको नकार रही है। यह बात आपको सत्याग्रह से नहीं बल्कि आत्म मंथन से समझ आएगी।

आप चुनाव जीत जाते हैं, तो वहां SIR सही - चिराग पासवान

इसके अलावा चिराग पासवान ने कहा कि आप चुनाव जीत जाते हैं तो वहां का एसआईआर सही रहता है। वहीं, अगर हम लोग के सांसद जीतते हैं तो गलत हो जाता है। जहां पर हमारी सरकार जीतकर आती है वहां पर एसआईआर की गड़बड़ी होती है। लेकिन जिन राज्यों में आपके मुख्यमंत्री हैं, तेलंगाना, कर्नाटक, हिमाचल, वहां एसआईआर सही रहता है। सत्याग्रह सोच अच्छी है। सत्य बोलें। विपक्ष झूठ बोल-बोलकर, लोगों को भ्रमित न करें।