नई दिल्ली : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई की आलोचना करने के बाद तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष के अन्नामलाई ने अपना स्टैंड साफ किया है। उनकी टिप्पणी को इस संगठन के समर्थन के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सीजेपी का एजेंडा अलग है और उनका एजेंडा अलग। हालांकि, उन्होंने यह भी जोर दिया कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल को विरोध करने का अधिकार है। अन्नामलाई ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ भी की और कहा कि गलत लगने वाली बातों पर सवाल उठाने से वह पीछे नहीं हटेंगे।
अन्नामलाई ने कहा- उन्हें देशभक्ति पर किसी से उपदेश लेने की जरूरत नहीं है
गुरुवार को अपने 'वी द लीडर्स' आंदोलन के एक कार्यक्रम में अन्नामलाई ने कहा कि उन्हें देशभक्ति पर किसी से उपदेश लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि वह देश के कई राज्यों में रह चुके हैं और काम कर चुके हैं। उन्हें भारत की एकता और संप्रभुता की समझ है। अन्नामलाई ने कहा कि अगर सीजेपी के प्रदर्शनकारियों ने कोई गलत काम किया है, तो उनके खिलाफ कानून और तय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर देश की संप्रभुता को खतरा है, तो खुफिया एजेंसियों का इस्तेमाल किया जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो। सोशल मीडिया पर केवल आरोप लगाकर डर का माहौल नहीं बनाया जाना चाहिए।
मोदी की तारीफ, लेकिन सरकार पर भी सवाल
अन्नामलाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि वह अच्छे प्रधानमंत्री हैं और अच्छा काम कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने जोड़ा कि प्रधानमंत्री का समर्थन करने का मतलब यह नहीं है कि सरकार की हर बात को सही माना जाए। जिस बात को वह गलत समझेंगे, उस पर सवाल उठाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट जैसी लोकतांत्रिक संस्थाओं पर लोगों का भरोसा कमजोर करने की कोशिश स्वीकार नहीं की जा सकती। इस तरह उन्होंने सीजेपी के विरोध के अधिकार का समर्थन करते हुए लोकतांत्रिक संस्थाओं में विश्वास बनाए रखने की बात भी कही।