भोजपुरी फिल्मों के पावर स्टार और बीजेपी विधान पार्षद पवन सिंह से जुडी अहम खबर है। दरअसल पवन सिंह की फिल्म वांटेड के प्रोड्यूसर जसवंत कुमार के यूपी पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसर मुंबई के अंधेरी वेस्ट के वीरा देसाई इलाके से जसवंत कुमार को पकडा गया। पूरा मामला कथित रूप से 78 लाख रूपये के निवेश की धोखाधडी से जुडा हुआ है। जसवंत के खिलाफ कोर्ट की ओर से गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
मिली जानकारी के अनुसार जसवंत कुमार के ऊपर यह आरोप है कि फिल्म वांटेड में निवेश कराने के नाम पर उन्होंने एक निवेशक से 78 लाख रुपये लिए थे। बताया जा रहा है कि समझौते के तहत फिल्म रिलीज होने के बाद निवेश की रकम वापस करने या मुनाफे में हिस्सा देने का वादा किया गया था। अब यह सामने आया है कि फिल्म रिलीज होने के बावजूद निवेशक को न तो उसकी मूल रकम मिली और न ही किसी तरह का लाभ मिला। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित चोलापुर थाने में निवेशक द्वारा की गयी शिकायत के आधार पर एफआइआर दर्ज की गयी थी। इधर पुलिस का यह भी कहना है कि इस मामले में करीब तीन साल से जांच चल रही थी। इस दौरान जसवंत ने कई बार जांच में सहयोग नहीं किया।
यूपी पुलिस को जसवंत कुमार के लोकेशन की पुष्ट जानकारी मिली और उसके बाद टीम मुंबई पहुंची। जहां यूपी पुलिस ने जसवंत को अंधेरी वेस्ट में हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद जसवंत कुमार को मुंबई की अदालत में पेश किया गया, जहां से उत्तर प्रदेश पुलिस को ट्रांजिट रिमांड मिल गया। इसके बाद उन्हें आगे की जांच के लिए उत्तर प्रदेश ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, अब इस पूरे मामले की आगे की जांच वाराणसी के चोलापुर थाने की टीम करेगी।
मनोरंजन डेस्क