पटना: बॉलीवुड की प्रसिद्ध फिल्म निर्माता निर्देशक एकता कपूर ने शनिवार को राजधानी के बिहटा प्रखंड अंतर्गत अमहरा स्थित अति प्राचीन व प्रसिद्ध मां वन देवी के मंदिर पहुंच कर पूजा की। इस दौरान पूरी कास्ट ने मां से अपनी फिल्म की सफलता को लेकर आशीर्वाद मांगा।
मिली जानकारी के अनुसार प्रसिद्ध फिल्म निर्माता-निर्देशक एकता कपूर शनिवार को पटना जिले के बिहटा प्रखंड अंतर्गत अमहरा स्थित अति प्राचीन व प्रसिद्ध माँ वन देवी महाधाम पहुंचीं। उन्होंने वन देवी मंदिर के गर्भगृह में वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और माता के चरणों में शीश नवाकर अपनी आगामी फिल्म ‘द वन’ (The VVAAN) की सफलता के लिए आशीर्वाद मांगा। इस दौरान फिल्म के सूत्रधार (नैरेटर) दीपक मिश्रा भी उनके साथ मौजूद रहे।
वहीं दूसरी ओर, फिल्म के मुख्य कलाकार बॉलीवुड स्टार सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया ने राजधानी पटना के एक निजी शिक्षण संस्थान में पहुंचकर जोरदार अंदाज में फिल्म का प्रमोशन किया। एकता कपूर ने पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर में कुछ समय व्यतीत किया और वहां के शांत व प्राकृतिक वातावरण का अनुभव लिया। प्रसिद्ध निर्माता के आगमन की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण व श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर में जुट गई। एकता कपूर ने स्थानीय लोगों और पुजारियों से भी बातचीत की और मंदिर के पुजारी से मंदिर के बारे में विशेष रूप से जानकारी ली।
फिल्म ‘द वन’ बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्रकृति संरक्षण, माता की महिमा और आस्था के महापर्व छठ की पृष्ठभूमि से गहराई से जुड़ी हुई है। फिल्म की पटकथा में बिहार की लोक मान्यताओं और धार्मिक परंपराओं को बहुत ही सलीके से पिरोया गया है। स्थानीय संस्कृति का सशक्त प्रतिनिधित्व होने के चलते बिहार के दर्शकों और युवाओं के बीच इस फिल्म को लेकर विशेष उत्सुकता देखने को मिल रही है।
बिहटा से मयंक की रिपोर्ट