नई दिल्ली : 'बिहार कोकिला' के नाम से प्रसिद्ध लोक गायिका डॉ. शारदा सिन्हा की पुण्यतिथि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित अन्य नेताओं ने याद किया है।
महान लोक गायिका, पद्म विभूषण विजेता डॉ. शारदा सिन्हा की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि - CM योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट किया कि महान लोक गायिका, पद्म विभूषण विजेता डॉ. शारदा सिन्हा की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। छठ महापर्व के गीतों में उनकी मधुर आवाज ने करोड़ों लोगों की आस्था को स्वर दिया। भोजपुरी, मैथिली, अंगिका व मगही लोक संगीत को लोकप्रिय बनाने और उसे नई पहचान दिलाने में उनका योगदान अतुलनीय है। अपने गीतों के माध्यम से हम सभी के बीच वह हमेशा उपस्थित रहेंगी।
बिहार की लोक संस्कृति की अमर स्वर साधिका, 'बिहार कोकिला' शारदा सिन्हा की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन करती हूं - CM रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर लिखा कि पद्म विभूषण से सम्मानित, बिहार की लोक संस्कृति की अमर स्वर साधिका, 'बिहार कोकिला' शारदा सिन्हा की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन करती हूं। शारदा की आवाज में बिहार की मिट्टी की सुगंध, मिथिला की मिठास और हमारी लोकपरंपराओं की पवित्रता रची-बसी थी। उन्होंने लोकगीतों के माध्यम से हमारी संस्कृति, संस्कारों और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं को घर-घर तक पहुंचाया। विशेषकर छठ महापर्व और शारदा सिन्हा के स्वर का एक अटूट रिश्ता है। उन्होंने केवल लोकगीतों को स्वर नहीं दिया, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ियों के हृदय में अमर कर दिया।
बिहार कोकिला शारदा सिन्हा की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि - नीतीश कुमार
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य नीतिश कुमार ने एक्स पर पोस्ट किया कि बिहार कोकिला शारदा सिन्हा की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। शारदा सिन्हा द्वारा छठ महापर्व पर गाए गए मधुर गीत बिहार समेत देश के सभी भागों में आज भी गूंजा करते हैं। बिहार की भूमि, संगीत जगत और संगीत प्रेमियों में उनकी स्मृति हमेशा रहेगी।
ब्रजेश पाठक ने एक्स पर लिखा- पद्म विभूषण से अलंकृत, सुप्रसिद्ध लोकगायिका एवं बिहार कोकिला शारदा सिन्हा की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एक्स पर लिखा कि पद्म विभूषण से अलंकृत, सुप्रसिद्ध लोकगायिका एवं बिहार कोकिला शारदा सिन्हा की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने एक्स पर पोस्ट किया कि बिहार कोकिला के नाम से प्रसिद्ध अपनी मधुर आवाज से भारतीय लोक संगीत को नई पहचान देने वाली पद्म भूषण शारदा सिन्हा की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। छठ गीतों के माध्यम से उनकी आवाज सदैव लोगों के दिलों में गूंजती रहेगी।
सोर्स-आईएएनएस