जमशेदपुर: शहर के गोपाल मैदान में आयोजित संवाद कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं आजसू के संस्थापक सूर्य सिंह बेसरा के साथ महिलाओं द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। इस दौरान छेड़छाड़ का आरोप भी लगाया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा गोपाल मैदान में संवाद प्रोग्राम में गए थे, जहां पर लड़कियों ने मिलकर उन पर हमला बोल दिया। प्रोग्राम में अचानक मारपीट की घटना हुई तो पता चला कि यह पूर्व विधायक हैं और लड़कियां उन्हें पीट रही हैं। इसके बाद गंभीर रूप से घायल पूर्व विधायक को जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
वहीं दूसरी ओर जो लड़की पूर्व विधायक पर छेड़छाड़ का आरोप लगा रही है, उस लड़की बिष्टुपुर थाना पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। लेकिन मीडिया से बात करने से साफ इनकार किया है। वहीं इस पूरे मामले पर पुलिस भी कुछ बोलने से इनकार कर रही है। लेकिन जिस तरह की जानकारी सामने आ रही है, उसके अनुसार पूरा मामला छेड़छाड़ से जुड़ा बताया जा रहा है, लेकिन कोई भी इस पर खुलकर कुछ बोलने से बच रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।
जमशेदपुर से लाला जबीं की रिपोर्ट