झारखंड में ठंड ने दी दस्तक, रांची सहित कई जिलों में पारा लुढ़का, आने वाले दिनों में और गिरेगा तापमान

झारखंड में ठंड ने दी दस्तक, रांची सहित कई जिलों में पारा लुढ़का, आने वाले दिनों में और गिरेगा तापमान

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Nov 07, 2025, 11:46:00 AM

 झारखंड में सर्दी ने अब पूरी तरह रफ्तार पकड़ ली है। राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान लगातार नीचे जा रहा है, जिससे सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम केंद्र रांची की रिपोर्ट के मुताबिक, 9 नवंबर तक रांची का न्यूनतम तापमान घटकर 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, पलामू, रामगढ़ और सिमडेगा जिलों में रात का पारा और नीचे जाकर करीब 11 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। इससे इन इलाकों में रातें और भी सर्द महसूस होंगी।

दिन में मिलेगी धूप, सुबह छाएगा कोहरा
दिन के समय आसमान साफ रहने और हल्की धूप खिलने से थोड़ी गर्माहट बनी रहेगी। हालांकि सुबह के वक्त घना कोहरा या हल्की धुंध छाई रह सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दो दिनों तक पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार, झारखंड में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस सिमडेगा के बानो क्षेत्र में रिकॉर्ड किया गया।

अगले पांच दिन और बढ़ेगी ठंड
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले पांच दिनों में झारखंड के कई हिस्सों में दिन का तापमान भी घटेगा। देवघर, धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, कोडरमा और पलामू में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रह सकता है। वहीं, दुमका और गिरिडीह में रातें और ठंडी होंगी, जहां न्यूनतम तापमान 17 डिग्री तक गिरने की उम्मीद है।

रांची, गढ़वा, चतरा और पलामू में तापमान में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए एहतियात बरतने की सलाह दी है।