झारखंड में मौसम अब ठंड की ओर करवट लेने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार, 3 नवंबर 2025 की सुबह राज्य के कई इलाकों में कोहरा या धुंध छाए रहने की संभावना है। इसके बाद दिन में आसमान सामान्यतः साफ और मौसम शुष्क रहेगा।
रांची और उसके आसपास के क्षेत्र में भी इसी तरह का मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि 8 नवंबर 2025 तक झारखंड का मौसम शुष्क रहेगा और किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
पिछले 24 घंटे का मौसम हाल
राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है। सबसे अधिक वर्षा 2.6 मिमी रांची के मांडर क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई। वहीं, जगन्नाथपुर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में सुबह और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे ठंडक का अहसास और बढ़ेगा।