रांची पहुंचा डोडा हादसे में शहीद जवानों का पार्थिव शरीर, नम आंखों से दी गई श्रद्धांजलि

रांची पहुंचा डोडा हादसे में शहीद जवानों का पार्थिव शरीर, नम आंखों से दी गई श्रद्धांजलि

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 24, 2026, 12:37:00 PM

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में शहीद भारतीय सेना के जवानों के पार्थिव शरीर शुक्रवार देर रात रांची लाए गए। जैसे ही ताबूत बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर उतरे, माहौल गमगीन हो गया। वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं और दुख, गर्व और सम्मान की भावनाएं एक साथ नजर आ रही थीं।

एयरपोर्ट परिसर में सेना के जवानों ने अपने वीर साथियों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने शहीदों के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर सेना के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन और पुलिस के वरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

वित्त मंत्री ने कहा कि देश की रक्षा में दिए गए जवानों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार शहीद परिवारों के साथ हर कदम पर खड़ी रहेगी और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

22 जनवरी को हुआ था हादसा
गौरतलब है कि 22 जनवरी को डोडा जिले में भारतीय सेना का एक वाहन ऑपरेशनल ड्यूटी के लिए जाते समय अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया था। इस हादसे में 10 जवानों की मौके पर ही शहादत हो गई, जबकि 11 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस दुर्घटना में रांची के तिरिल निवासी जवान अजय लकड़ा भी शहीद हुए। उनके साथ पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र के पुंडा गांव निवासी 24 वर्षीय प्रद्युम्न लोहारा ने भी देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। खराब मौसम के कारण विमान सेवा में विलंब हुआ, जिस वजह से पार्थिव शरीर देर रात रांची पहुंच सके।

आज पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई
प्रशासन की जानकारी के अनुसार, शहीद प्रद्युम्न लोहारा के पार्थिव शरीर को शनिवार सुबह उनके पैतृक गांव झालदा (पुरुलिया) ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं शहीद अजय लकड़ा का अंतिम संस्कार रांची में पूरे सैन्य सम्मान के साथ संपन्न होगा।