SIR अपडेट : 2.20 करोड़ वोटरों की एंट्री, 43 लाख नाम ड्राफ्ट लिस्ट से गायब

SIR अपडेट : 2.20 करोड़ वोटरों की एंट्री, 43 लाख नाम ड्राफ्ट लिस्ट से गायब

झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन- SIR) की गणना प्रक्रिया निर्धारित समय के अनुसार पूरी कर ली गई है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, राज्य के 2,20,94,859 मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र भरकर बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) को सौंप दिए हैं। इन सभी पात्र मतदाताओं के नाम 5 अगस्त को जारी होने वाली प्रारंभिक (ड्राफ्ट) मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।

हालांकि, पुनरीक्षण अभियान के दौरान 43,68,377 मतदाताओं को एएसडीडी (Absent, Shifted, Dead, Duplicate) श्रेणी में रखा गया है। इस कारण इन मतदाताओं के नाम प्रारंभिक सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे। यदि किसी मतदाता का नाम त्रुटिवश इस सूची में दर्ज हो गया है, तो उसे अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा। ऐसे मतदाता 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 5 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची के साथ एएसडीडी सूची भी सार्वजनिक की जाएगी। दोनों सूचियों की सॉफ्ट कॉपी सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि प्रत्येक मतदान केंद्र पर नियुक्त राजनीतिक दलों के अधिकृत बीएलए-2 प्रतिनिधियों को इसकी हार्ड कॉपी भी प्रदान की जाएगी, ताकि वे सूची का सत्यापन कर सकें।

पुनरीक्षण के दौरान जुटाए गए आंकड़ों के अनुसार, 7,63,930 ऐसे मतदाताओं की पहचान हुई है जिनका निधन हो चुका है। वहीं 14,55,733 मतदाता ऐसे पाए गए जिनका वर्तमान पता सत्यापित नहीं हो सका। आयोग के अनुसार, ये मतदाता लगातार अनुपस्थित रहे और बीएलओ द्वारा संपर्क किए जाने के बावजूद कोई जानकारी उपलब्ध नहीं करा सके। यह संख्या राज्य के कुल मतदाताओं का लगभग 5.5 प्रतिशत है।

निर्वाचन आयोग का कहना है कि इस विशेष पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि आगामी चुनावों में केवल पात्र मतदाताओं के नाम ही अंतिम सूची में शामिल हों। दावा-आपत्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवश्यक संशोधन कर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।