रांची के होटवार जेल में विचाराधीन बंदी के साथ गंभीर घटना, जेल अधीक्षक समेत 19 पर एफआईआर दर्ज

रांची: ​राजधानी रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा (होटवार जेल) से एक बेहद सनसनीखेज और गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ एक 20 वर्षीय विचाराधीन बंदी के साथ जेल के भीतर तीन अलग-अलग मौकों पर सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किए जाने का आरोप लगा है।

रांची : राजधानी रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा (होटवार जेल) से एक बेहद सनसनीखेज और गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ एक 20 वर्षीय विचाराधीन बंदी के साथ जेल के भीतर तीन अलग-अलग मौकों पर सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किए जाने का आरोप लगा है। इस मामले में जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और जेल अस्पताल के मेडिकल अफसर समेत कुल 19 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।

क्या है पूरा मामला?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़ित युवक एक मामले में विचाराधीन कैदी के रूप में होटवार जेल में बंद था और अदालत ने उसे 12 जून 2026 को बरी कर दिया था। जेल से रिहा होने के बाद युवक काफी समय तक गहरे मानसिक सदमे में रहा। बाद में उसने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद पीड़ित के पिता की लिखित शिकायत पर खेलगांव थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई। शिकायत के मुताबिक, यह घटनाएँ 31 जनवरी 2026 से 12 जून 2026 के बीच की हैं। आरोप है कि त्योहारों के दौरान कैदियों के एक गिरोह ने युवक को नशीला पदार्थ पिलाकर और जबरन साड़ी पहनाकर उसके साथ अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया।

जेल प्रशासन पर लगे गंभीर आरोप

पीड़ित पक्ष की ओर से जेल अधिकारियों की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं: शिकायत फाड़ने का आरोप: जब पीड़ित ने जेल के भीतर वार्ड इंचार्ज को लिखित शिकायत दी, तो कथित तौर पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और शिकायत पत्र को फाड़ दिया गया।

इलाज से इनकार : अत्यधिक रक्तस्राव के बावजूद जब युवक जेल अस्पताल पहुंचा, तो वहां के मेडिकल अफसर ने कथित रूप से इलाज करने से मना कर दिया और वापस भेज दिया।

मेडिकल जांच न कराना : आरोप है कि 12 जून 2026 को रिहाई के वक्त नियमों के विपरीत युवक की अनिवार्य मेडिकल जांच नहीं कराई गई, ताकि मामले को दबाया जा सके।

नामजद किए गए आरोपी

इस मामले में खेलगांव थाने में दर्ज प्राथमिकी के तहत निम्नलिखित लोगों को आरोपी बनाया गया है।अधिकारी एवं कर्मी: जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और जेल अस्पताल के मेडिकल अफसर।

बंदी एवं अन्य: पिट्टू, अरविंद गुप्ता, साहिल अंसारी, साहिल साह, रबिसर लोहरा, कैंटीन ब्वॉय पवन, मंटू, धनेश्वर बढ़ई, शिव उरांव, बल्लू, रेहान गोलू, गोलू साव, पोगो, संतोष उरांव और सिपाही सिंह।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए खेलगांव थाने के सब-इंस्पेक्टर कुमार शिवम को इस मामले का अनुसंधानकर्ता (IO) नियुक्त किया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रांची से सुजीत कुमार की रिपोर्ट