झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ की वार्षिक आम बैठक आगामी 21 दिसंबर 2025, रविवार को आयोजित की जाएगी। यह आमसभा रांची विश्वविद्यालय के मोरहाबादी परिसर में पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होगी, जिसमें संघ से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
बैठक के एजेंडे में संघ के बायलॉज में जरूरी संशोधन, आय-व्यय का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करना और नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शामिल है। इसी दौरान अध्यक्ष और महासचिव पद के लिए चुनाव भी कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, सदस्यों द्वारा रखे जाने वाले सुझावों और अन्य संगठनात्मक विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा।
संघ के महासचिव राहुल कुमार ने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों में कार्यरत झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी इस बैठक में भाग लेंगे। उन्होंने सभी जिलों के उपायुक्तों से अनुरोध किया है कि वे संबंधित संघ पदाधिकारियों को मुख्यालय से बाहर जाकर आमसभा में शामिल होने की अनुमति दें।
वहीं, संघ की अध्यक्ष रंजिता हेंब्रम ने सभी सदस्यों से समय पर पहुंचकर बैठक को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आमसभा संगठन को और मजबूत करने तथा भविष्य की दिशा तय करने के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है।