रांची : विकास में हॉस्पिटल के पास हवाई फा*यरिंग, राहुल सिंह गिरोह ने कार शोरूम मालिक को दी जान से मारने की धमकी

रांची : विकास में हॉस्पिटल के पास हवाई फा*यरिंग, राहुल सिंह गिरोह ने कार शोरूम मालिक को दी जान से मारने की धमकी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 05, 2026, 11:51:00 AM

राजधानी रांची में राहुल सिंह गिरोह का आतंक पुलिस के लिए लगातार सिरदर्द बना हुआ है। रंगदारी की मांग और रकम नहीं मिलने पर खुलेआम फायरिंग कर इलाके में डर फैलाना इस गिरोह की पहचान बनती जा रही है। ताजा घटना बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र की है, जहां विकास हॉस्पिटल के बाहर दिनदहाड़े फायरिंग कर दहशत फैलाई गई।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को एक बाइक सवार अपराधी विकास हॉस्पिटल के पास पहुंचा और अचानक ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग शुरू कर दी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की पुष्टि करते हुए सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि विकास चौक के पास स्थित एक अस्पताल के नजदीक फायरिंग की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं पूछताछ के दौरान अस्पताल प्रबंधन ने किसी भी गिरोह द्वारा रंगदारी मांगने या धमकी देने से इनकार किया है। फायरिंग की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि बुधवार शाम करीब 5 बजे एक बाइक सवार युवक अस्पताल के पास आता है और हवाई फायरिंग कर मौके से निकल जाता है। इसके बाद वह रामगढ़ रोड की ओर फरार हो गया। सूचना मिलते ही बीआईटी मेसरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है।

निशाना अस्पताल नहीं, कार शोरूम संचालक था

हालांकि फायरिंग अस्पताल के गेट के पास की गई, लेकिन धमकी अस्पताल के बगल में स्थित एक कार शोरूम के मालिक को दी गई है। बताया जा रहा है कि राहुल सिंह गिरोह की ओर से सोशल मीडिया पर एक कथित प्रेस रिलीज जारी कर शोरूम संचालक को चेतावनी दी गई है।

गिरोह ने संदेश में कहा है कि यदि उनसे “मैनेज” नहीं किया गया तो अगली बार गोली शोरूम मालिक और उसके परिवार पर चलाई जाएगी। साथ ही गिरोह ने दावा किया है कि उनके पास रांची से लेकर पलामू और पटना तक की पूरी जानकारी है और वे बड़े हथियारों के साथ कभी भी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।