रांची: झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की कथित नाराजगी को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हैं। इस बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव ने इस पूरे मामले पर चिंता जताते हुए सरकार और कांग्रेस संगठन से जल्द हस्तक्षेप करने की मांग की है। शनिवार को जारी बयान में कैलाश यादव ने कहा कि पिछले कुछ समय से वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और सरकार के बीच समन्वय बेहतर नहीं होने की चर्चाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी भी खबरें हैं कि मंत्री ने सरकारी बॉडीगार्ड, सरकारी वाहन और ड्राइवर तक छोड़ दिया है। कैलाश यादव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से अपील करते हुए कहा कि वित्त मंत्री की नाराजगी के कारणों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उनके अनुसार, यह समझने की जरूरत है कि मामला बातचीत और समन्वय से सुलझाया जा सकता है या फिर इसके लिए कोई बड़ा राजनीतिक निर्णय आवश्यक है। राजद प्रवक्ता ने कहा कि गठबंधन सरकार में किसी वरिष्ठ मंत्री की नाराजगी और इस मुद्दे पर सरकार तथा कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी लगातार राजनीतिक चर्चा का विषय बनी हुई है। उनका मानना है कि इससे अनावश्यक अटकलों को बल मिल रहा है, इसलिए जल्द कोई स्पष्ट और ठोस निर्णय लिया जाना चाहिए। कैलाश यादव ने यह भी कहा कि राधाकृष्ण किशोर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बाद सरकार के सबसे वरिष्ठ और सम्मानित मंत्रियों में गिने जाते हैं। ऐसे में उनकी नाराजगी को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार और गठबंधन नेतृत्व से आग्रह किया कि मामले का शीघ्र समाधान निकालकर इस पर विराम लगाया जाए।